City Bank का रिटेल बिजनेस अब Axis Bank का हुआ, जानिए ग्राहकों पर क्या होगा असर
सिटी बैंक के रिटेल बिजनेस का आज यानि 1 मार्च 2023 से एक्सिस बैंक में विलय हो गया है। अब सिटी बैंक के सभी ग्राहकों को हर तरह की मिलने वाली सेवाएं एक्सिस बैंक के जरिए मिलेंगी।

आज यानि 1 मार्च से सिटी बैंक (City Bank) और एक्सिस बैंक (Axis Bank) बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। सिटी बैंक के ग्राहकों की बात करें तो अब उन्हें सिटी बैंक नहीं बल्कि एक्सिस बैंक से अब आगे की सेवाएं मिलेंगी। दरअसल सिटी बैंक ने अपने रिटेल बिजनेस को एक्सिस बैंक में शामिल कर दिया है। यानि आज से सिटी बैंक के ग्राहकों को जिस भी सुविधा की जरूरत होगी उसके लिए उन्हें एक्सिस बैंक में जाना होगा। सिटी बैंक के किसी ग्राहक के पास अगर क्रेडिट कार्ड है, होम लोन है, पर्सनल लोन है, रिटेल बैंकिं की सुविधा है या फिर इंश्योरेंस की सेवा है, इन सबके लिए उन्हें अब एक्सिस बैंक जाना होगा क्योंकि इन सभी सेवाओं को एक्सिस बैंक में शामिल कर दिया गया है।

देश में 35 ब्रांच, 4000 कर्मचारी
बता दें कि देशभर में सिटी बैंक की कुल 35 ब्रांच हैं। इसके अलावा 13 अन्य देशों में भी सिटी बैंक की सेवाएं थीं, लेकिन 2021 में ही बैंक की ओर से इन देशों में रिटेल बैंकिंग की सेवाओं को खत्म करने का ऐलान किया गया था। आज जब एक मार्च को सिटी बैंक के रिटेल बिजनेस का एक्सिस बैंक में अधिग्रहण हो गया है तो सिटी बैंक के ग्राहकों को अब तमाम सेवाएं एक्सिस बैंक में मिलेंगी। भारत में सिटी बैंक की स्थापना 1902 में हुई थी, जबकि कंज्यूमर बैंकिंग सेवा में 2985 से काम कर रहा है। बैंक की भारत में कुल 35 ब्रांच हैं जहां पर 4000 कर्मचारी काम कर रहे हैं।

सभी कर्मचारी एक्सिस बैंक में होंगे ट्रांसफर
एक्सिस बैंक के साथ विलय की जानकारी सिटी बैंक की ओर से वेबसाइट पर दी गई है। वेबसाइट पर दी गई जानकारी के अनुसार बैंक की सभी ब्रांच, एटीएम और रिटेल से जुड़ी सेवाएं अब एक्सिस बैंक की ओर से मुहैया कराई जाएगी। साथ ही जो भी कर्मचारी सिटी बैंक में कार्यरत हैं उन्हें एक्सिस बैंक में ट्रांसफर कर दिया जाएगा। इस डील के पूरा होने के बाद एक्सिस बैंक के पास कुल 2.85 करोड़ सेविंग अकाउंट हो जाएंगे। जिसमे 2.3 लाख बरगंडी ग्राहक हो जाएंगे। साथ ही 1.06 करोड़ कार्ड के कस्टमर हो जाएंगे। इस डील के बाद एक्सिस बैंक के कार्ड कस्टमर में तकरीबन 31 फीसदी की बढ़ोत्तरी होगी।

विलय के बाद भी मिलेंगी ये सेवाएं
सिटी बैंक और एक्सिस बैंक के बीच यह डील 12325 करोड़ रुपए में हुई है। सिटी बैंक अमेरिकी बैंकिंग ग्रुप का हिस्सा थी, जो भारत में बिजनेस करती थी। रिपोर्ट की मानें तो यह डील 11603 करोड़ रुपए में फाइनल हुई है लेकिन सिटी बैंक के ग्राहकों के जुड़ने से एक्सिस बैंक को अतिरिक्त लाभ होगा। पिछले साल मार्च 2022 तक एक्सिस बैंक के एमडी रहे अमिताभ चौधरी ने कहा था सिटी बैंक के ग्राहकों को पहले से जो भी सेवाएं और लाभ मिल रहे हैं वह आगे भी जारी रहेंगे।

ये सेवाएं रहेंगी जारी
यहां गौर करने वाली बात है कि सिटी बैंक ने अपने रिटेल बिजनेस को ही एक्सिस बैंक में शामिल किया है जबकि इंस्टिट्यूशनल बैंकिंग और ग्लोबल बिजनेस सपोर्ट पहले की तरह जारी रहेगा। सिटी बैंक के पास कई शहरों में ग्लोबल बिजनेस सपोर्ट सेंटर हैं। यह सपोर्ट सेंटर पुणे, बेंगलुरू, चेन्नई, मुंबई, गुरुग्राम में है। सिटी बैंक और एक्सिस बैंक के बीच की डील एक मार्च 2023 को पूरी हुई है, जबकि इस डील पर पिछले साल ही मुहर लग गई थी।












Click it and Unblock the Notifications