Budget 2023: इस ऐप पर आप विस्तार से हिंदी-अंग्रेजी में पढ़ सकते है बजट, जानिए कैसे करें डाउनलोड
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण आज आम बजट पेश करेंगी। इस बजट पर हर किसी की नजर है। इस बजट को आसान और सरल भाषा में आप खास ऐप पर भी देख सकते हैं।

Budget 2023: केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण देश का अगला आम बजट आज पेश करेंगी। वित्त वर्ष 2023-24 के लिए आने वाले इस बजट पर हर किसी की नजर है। लोगों को इस बार के बजट से काफी उम्मीदें हैं खासकर कि होम लोन लेने वालों को। होम लोन के ब्याज पर मिलने वाली अधिकतम छूट 2 लाख रुपए की है। इसमें पिछले कई सालों से कोई बढ़ोत्तरी नहीं की गई है, लेकिन ब्याज दरों में पिछले कुछ सालों में काफी बढ़ोत्तरी हुई है। ऐसे में लोगों को उम्मीद है कि इस बार शायद वित्त मंत्री लोगों को जरूर राहत दें।
आम बजट को जन-जन तक पहुंचाने के लिए सरकार ने खास तैयारी की है. सरकार की ओर से इस बजट को लेकर एक खास ऐप लॉन्च किया गया है जहां पर आप बजट को विस्तार से पढ़ सकते हैं और इसकी बारीकियों को समझ सकते हैं। इस ऐप का नाम यूनियन बजट मोबाइल एप है। इस ऐप को http://indiabudget.gov.in लिंक से डाउनलोड किया जा सकता है। बजट मुख्य रूप से दो भाषा में इस एप पर उपलब्ध होगा। इसे हिंदी और अंग्रेजी में आप इस ऐप पर पढ़ सकते हैं।
बता दें कि आम बजट को वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण 1 फरवरी को सुबह 11 बजे पेश करेंगी। इस बजट का लाइव प्रसारण आप संसद टीवी और दूरदर्शन टीवी पर सीधा देख सकते हैं। यह बजट मोदी सरकार के इस कार्यकाल का आखिरी बजट है, ऐसे में हर किसी की नजर इस बजट पर होगी। कयास लगाए जा रहे हैं कि अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव के मद्देनजर बजट को लोकलुभावन रखा जा सकता है। कई ऐसी योजनाओं का ऐलान किया जा सकता है जिससे लोगों को राहत पहुंच सके।
आम बजट की बात करें तो हर साल सरकार वित्त वर्ष के लिए इसे पेश करती है। इस बजट में सरकार के आगामी खर्च का विस्तार से लेखा-जोखा होता है। सरकार किन क्षेत्रों पर कितना खर्च करेगी और इसके लिए बजट में कहां से आवंटन किया जाएगा इसकी जानकारी होती है। साथ ही सरकार बजट में नए करों की भी जानकारी देती है। माना जा रहा है कि सरकार इस बार किसी नए टैक्स को नहीं लाएगी।












Click it and Unblock the Notifications