क्रिप्टोकरेंसी पर बदल गए एलन मस्क? निवेशकों को किया सावधान, बोले- न लगाएं सारी बचत
नई दिल्ली, 8 मई। एलन मस्क टेस्ला और स्पेसएक्स जैसी दिग्गज कंपनियों को संस्थापक और सीईओ हैं। उनकी पहचान ऐसे साहसी उद्यमी के रूप में होती है जो भविष्य की योजनाओं के लिए रिस्क लेने को तैयार है। इन सबके साथ उनकी खासियत यह भी है कि वे क्रिप्टोकरेंसी के बड़े समर्थक हैं। दुनिया के टॉप उद्योगपतियों में वे अकेले हैं जो खुलकर क्रिप्टो बाजार के पक्ष में खड़े हैं। दुनिया की सबसे बड़ी क्रिप्टोकरेंसी बिटकॉइन में साल की शुरुआत में जो बूम आया उसकी वजह एलन मस्क को ही माना जाए तो गलत नहीं होगा। उनकी कंपनी टेस्ला के बिटकॉइन में डेढ़ अरब डॉलर के निवेश के ऐलान के बाद ही इस डिजिटल टोकन ने पहली बार 50 हजार डॉलर के पार जाकर कारोबार किया था। लेकिन वही एलन मस्क अब क्रिप्टोकरेंसी में निवेश करने वालों को सावधान कर रहे हैं।

सारी कमाई लगाना बुद्धिमानी नहीं- मस्क
एलन मस्क ने कहा है कि हालांकि वह इस बात पर विश्वास करते हैं कि क्रिप्टो करेंसी दुनिया में भविष्य की मुद्रा होगी लेकिन लोगों को अपनी जीवन भर की पूंजी क्रिप्टोकरेंसी में निवेश नहीं करनी चाहिए। सीधे शब्दों में मैं सोचता हूं कि यह बुद्धिमानी नहीं होगी।" मस्क ने एक वीडियो में बातें कही हैं जिसे उन्होंने अपने ट्विटर पर भी शेयर किया है।
साल 2021 में अब तक एलन मस्क बिटकॉइन और डोजकॉइन का समर्थन कर इसकी कीमतों में बढ़त ला चुके हैं। साल की शुरुआत में मस्क ने अपने ट्विटर बायो में हैशटैग बिटकॉइन जोड़ा था जिसके बाद बिटकॉइन में तेजी से बढ़त देखी गई थी। इसके बाद डोजकॉइन के बारे में ट्वीट करते हुए इसे लोगों की क्रिप्टोकरेंसी बताया। उन्होंने लिखा "डोजकॉइन लोगों की क्रिप्टो है। कोई ऊपर नहीं, कोई नीचे नहीं, केवल डोज।"
डोजकॉइन के सवाल पर बोले एलन
डॉगकॉइन के बारे में एक सवाल पर मस्क ने कहा "जरूरी बात यह है कि डोजकॉइन का आविष्कार एक मजाक के रूप में किया गया था और यह अनिवार्य रूप से क्रिप्टोक्यूरेंसी का मजाक बनाने के लिए था।" टेस्ला सीईओ ने आगे कहा कि इससे बड़ी विडम्बना क्या होगी कि जिस मुद्रा का वास्तव में मजाक के रूप में आविष्कार किया गया था वह असली मुद्रा बन जाती है। उन्होंने कहा "क्रिप्टोक्यूरेंसी आशाजनक है, लेकिन कृपया सावधानी से निवेश करें।"
Cryptocurrency is promising, but please invest with caution! https://t.co/A4kplcP8Vq
— Elon Musk (@elonmusk) May 7, 2021












Click it and Unblock the Notifications