Bitcoin सप्ताह के निचले स्तर पर, क्रिप्टो माइनिंग के खिलाफ जांच की चीनी घोषणा के बाद लुढ़की
नई दिल्ली, 28 मई। पिछले सप्ताह के झटके से उबर रही बिटकॉइन शुक्रवार को एक बार फिर से लुढ़ककर सप्ताह के निचले स्तर पर पहुंच गई। चीन में क्रिप्टोकरेंसी पर सख्ती और पर्यावरण संबंधी चिंताओं के चलते दुनिया की सबसे बड़ी क्रिप्टोकरेंसी अपने सर्वोच्च स्तर से करीब 40 प्रतिशत नीचे कारोबार कर रही है।

उथल-पुथल भरे पिछले सप्ताह के बाद बिटकॉइन ने वृद्धि दर्ज करना शुरू की थी और गुरुवार को यह 40 हजार डॉलर के करीब पहुंची थी लेकिन शुक्रवार को इसमें एक बार फिर से 8 प्रतिशत की गिरावट देखी गई और यह 35,339 डॉलर (करीब 25.9 लाख रुपये) पर पहुंच गई।
क्रिप्टो हेज के कार्यकारी निदेशक उलरिक लाइके ने कहा कि बिटकॉइन में वर्तमान में 34,000 और 40,000 डॉलर की सीमा में स्लम्बर मोड ट्रेडिंग में है।
बिटकॉइन के लिए मई रहा बुरा महीना
बिटकॉइन ने मई के महीने में 37 प्रतिशत की गिरावट देखी है जो कि सितम्बर 2011 के बाद से अब तक का सबसे बुरा प्रदर्शन है। बिटकॉइन में इस गिरावट के पीछे चीन में क्रिप्टोकरेंसी माइनिंग पर हो रही सख्ती से जोड़कर देखा जा रहा है। चीन ने पिछले सप्ताह ही बिटकॉइन और दूसरी क्रिप्टोकरेंसी की माइनिंग पर प्रतिबंध लगाने के साथ ही वित्तीय संस्थानों को क्रिप्टो ट्रेडिंग में हिस्सा न लेने को कहा था।
एक दिन पहले गुरुवार को ही चीन के सिचुआन प्रांत में क्रिप्टोकरेंसी माइनिंग के खिलाफ जांच शुरू करने की खबर आई थी। यहां पर क्रिप्टो माइनिंग को रोकने के लिए ऊर्जा नियामक स्थानीय ऊर्जा केंद्रों से क्रिप्टो माइनिंग के बारे में पूछताछ करेगा। इस खबर के एक दिन बाद ही बिटकॉइन की कीमत एक बार फिर 8 प्रतिशत गिर गई।
इसके पहले 13 मई को टेस्ला सीईओ एलन मस्क ने पर्यावरणीय चिंताओं को देखते हुए कंपनी की कार खरीदने पर बिटकॉइन पेमेंट को रोक दिया था। हालांकि अब एक बार फिर बिटकॉइन को लेकर मस्क ने ढील का संकेत दिया है।












Click it and Unblock the Notifications