पांच दिन तक बैंक रहेंगे बंद, आज ही निपटा लें जरूरी काम नहीं तो होगी परेशानी
नई दिल्ली। देश के बैंक अगले छह में से पांच दिन बंद रहने वाले हैं। बीच में सिर्फ एक दिन के लिए बैंक खुलेंगे। ऐसे में अगर आपको बैंक का जरूरी काम है तो आज ही निपटा लें, नहीं तो फिर एक हफ्ते बाद बुधवार को ही सुकून से काम हो सकेगा। बैंकों के अगले पांच दिन बंद रहने की वजह छुट्टियों के साथ निजीकरण के खिलाफ बुलाई गई हड़ताल भी है।

इस हफ्ते आज के बाद बस शुक्रवार को खुलेंगे बैंक
आज बैंकों में कामकाज होने के बाद कल यानी 11 तारीख को महाशिवरात्रि की छुट्टी रहेगी। इसके बाद शुक्रवार को बैंक खुलेंगे, जिसके बाद दो दिन फिर बैंक बैंद हैं। 13 मार्च को महीने का दूसरा शनिवार है, जिसकी वजह से बैंकों में कामकाज नहीं होगा, वहीं रविवार को साप्ताहिक छुट्टी रहेगी। बता दें कि 11 मार्च को महाशिवरात्रि पर गुजरात, मध्य प्रदेश, ओडिशा, पंजाब, उत्तराखंड, तेलंगाना, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश में बैंकों की छुट्टी है। हालांकि दिल्ली में कल बैंक खुले रहेंगे।

अगले हफ्ते में सीधे बुधवार को खुलेंगे बैंक
अगला हफ्ता 15 मार्च, सोमवार से शुरू होगा लेकिन बैंक सोमवार को नहीं खुलेंगे। 15 मार्च और 16 मार्च को हड़ताल की वजह से बैंक बंद रहेंगे। 15 और 16 मार्च को यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियन ने राष्ट्रव्यापी हड़ताल बुलाई है। सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों के निजीकरण के सरकार के फैसले के खिलाफ ये हड़ताल बुलाई गई है।

बैंकों को निजी हाथों में देने से नाराजगी जताने को बुलाई हड़ताल
सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों को निज हाथों में सौंपने के फैसले के खिलाफ बैंक कर्मचारी लगातार विरोध जता रहे हैं। इसको लेकर बैंककर्मियों के कई संगठन लगातार अपना विरोध दर्ज करा रहे हैं। इसी क्रम में अब यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियन 15-16 मार्च को हड़ताल बुलाई है। ग्रामीण बैंक कर्मचारियों ने भी इस हड़ताल को अपना समर्थन दिया है।












Click it and Unblock the Notifications