2000 रुपये के नोट का अब क्या होगा, जानिए RBI के फैसले को लेकर अपने हर सवाल का जवाब
आरबीआई ने 2000 के नोट को चलन से बाहर करने का फैसला लिया है। हालांकि जनता को परेशान होने की जरूरत नहीं है। इसके लिए काफी वक्त है।

भारतीय रिजर्व बैंक ने शुक्रवार को एक अहम फैसला लिया, जिसके तहत अब 2000 के नोट को चलन से बाहर किया जाएगा। इसको लेकर लोगों के मन में कई तरह के सवाल उठ रहे हैं। आइए जानते हैं हर सवाल के जवाब-
2000 रुपये के नोट क्यों हो रहे बंद?
एक्सपर्ट्स के मुताबिक इस नोट की छपाई की लागत बहुत ज्यादा आ रही थी। इसके अलावा इसका इस्तेमाल भी लेन-देन के लिए कम हो रहा था। इस वजह से इसको वापस लिया जा रहा।
क्या सामान्य लेनदेन के लिए 2000 के नोट का इस्तेमाल किया जा सकता है?
जी हां, आप अभी भी सामान्य लेन-देन 2000 के नोट से कर सकते हैं। हालांकि इसकी समय सीमा 30 सितंबर 2023 रखी गई है। इस तारीख से पहले आपको इसे बैंकों में जमा कर देना होगा।
हमारे पास जो 2000 के नोट हैं, उनका क्या करें?
आप आराम से किसी भी बैंक में जाइए और वहां पर इसे बदलकर दूसरे नोट ले लीजिए। इसके लिए चार महीने से ज्यादा का वक्त है।
कितने तक नोट बदल सकते हैं?
आरबीआई ने अभी 20 हजार रुपये की सीमा तय कर रखी है।
किस तारीख से एक्सचेंज की सुविधा मिलेगी?
आरबीआई ने कहा कि जनता से अनुरोध है कि वे एक्सचेंज सुविधा का लाभ उठाने के लिए 23 मई 2023 से बैंक शाखाओं या भारतीय रिजर्व बैंक के क्षेत्रीय कार्यालयों से संपर्क करें।
नोट बदलने के लिए बैंक में खाता होना जरूरी है?
नहीं, कोई भी शख्स किसी भी बैंक में नोट बदल सकता है।
अगर 20 हजार से ज्यादा के नोट हैं, तो क्या करें?
नोट बदलने की सीमा 20 हजार है। अगर आपके पास 20 हजार से ज्यादा के मूल्य के नोट हैं, तो आप उसे अपने खाते में जमा करिए। बैंक तुरंत उसे जमा कर लेंगे। उस पर कोई प्रतिबंध नहीं है।
क्या एक्सचेंज के लिए कोई शुल्क देना होगा?
नहीं, एक्सचेंज की सुविधा बैंकों में फ्री में मिलेगी।
क्या वरिष्ठ नागरिकों, विकलांगों को मिलेगी छूट?
आरबीआई ने बैंकों से कहा कि वो वरिष्ठ नागरिकों और विकलांगों की सुविधा के लिए अलग से व्यवस्था करें।
क्या होगा अगर कोई बैंक नोट को बदलने/स्वीकार करने/जमा करने से मना कर दें?
इसकी शिकायत आप आरबीआई की हेल्पलाइन या वेबसाइट पर जाकर कर सकते हैं। उस बैंक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।











Click it and Unblock the Notifications