Anant Ambani Radhika Marchant: जी हां, यह शादी महंगी नहीं, 5000 करोड़ खर्च फिर भी है किफायती विवाह
Anant Ambani Radhika Marchant Marriage: पिछले कुछ दिनों से अनंत अंबानी और राधिका मर्चेंट की शादी के कार्यक्रम सुर्खियों में है। एक के बाद एक तमाम शादी के कार्यक्रम थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। जामनगर से लेकर इटली तक अलग-अलग कार्यक्रम हुए और आखिरकार मुंबई में दोनों की शादी संपन्न हुई।
अनंत और राधिका की शादी के कार्यक्रम में दुनियाभर के वीवीआईपी मेहमान शामिल हुए। इन कार्यक्रमों में बॉलीवुड से लेकर हॉलीवुड तक के तमाम स्टार्स ने अपनी प्रस्तुति दी। एक रिपोर्ट की मानें तो इस शादी में अबतक 5000 करोड़ रुपए से अधिक खर्च हो चुके हैं।

क्या सच में महंगी है ये शादी?
अंबानी परिवार की इस शादी खर्च हो रहे अथाह पैसों को लेकर अलग-अलग रिपोर्ट सामने आ रही है। तमाम मीडिया हाउस शादी में हो रहे खर्च को रिपोर्ट कर रहे हैं। लेकिन इन सब के बीच हम आपको एक बात बताना चाहते हैं कि अगर यह शादी आपको बहुत महंगी लग रही है तो आप गलत हैं।
आप यह जरूर सोच रहे हैं कि इस आर्टिकल को लिखने वाले के पास दिमाग नहीं है या फिर इसे कुछ अता-पता नहीं है। लेकिन ऐसा सोचने वालों को हम आज आम भारतीय शादियों पर होने वाले खर्च का लेखा-जोखा देंगे, जिसके बाद आप भी इस बात पर यकीन करेंगे कि वाकई यह शादी बहुत महंगी नहीं है।
भारतीय शादियों में खर्च की सीमा नहीं
आपने वो कहावत जरूर सुनी होगी कि जितनी चादर हो उतना ही पैर फैलाना चाहिए, आमदनी अठन्नी और खर्चा रुपैया। आपको ये कहावतें आम लगती होंगी। लेकिन असल जिंदगी में बात करें तो आम भारतीय अक्सर इन कहावतों को चरितार्थ करते नजर आते हैं।
मान-सम्मान का सवाल है
उदाहरण के तौर पर किसी परिवार की कुल जीवनभर की कमाई और सेविंग एक करोड़ रुपए होगी तो वह 15-20 लाख रुपए एक शादी में खर्च कर देते हैं।
शादी उनके लिए महज एक कार्यक्रम नहीं है बल्कि समाज में प्रतिष्ठा, मान-सम्मान को दर्शाने का अवसर भी है। लोगों की सोच होती है कि शादी तो एक ही बार होती है और इस भावुकता में लोग बिना सोचे समझे लोन लेकर, उधार लेकर, जमीन बेचकर शादी में खर्च करते हैं।
उफ्फ ये समाज सेवा वाला एंगल
अब बात करते हैं अंबानी परिवार में इस भव्य शादी की। एक बात तो आप सभी मानेंगे कि अंबानी परिवार लोन लेकर, उधार लेकर और जमीन बेचकर तो कम से कम यह भव्य शादी नहीं कर रहा है। ऐसे में समस्या क्या है। इस सवाल के जवाब में कुछ लोग तर्क देंगे कि इतने पैसों से कितने ही गरीबों का जीवन संवारा जा सकता था, अनगिनत लोगों का पेट भरा जा सकता था।
अगर यही तर्क है तो यह तर्क तो आम परिवारों पर भी लागू होता है। आम परिवार भी शादी में अपनी कूबत के हिसाब से जो खर्च करते हैं उसे बचाकर कुछ लोगों का तो भला कर ही सकते हैं। लेकिन ऐसा नहीं होता है तो इस विवाद को किनारे रखते हैं।
कितना खर्च करते हैं भारतीय
बात करते हैं आम आम भारतीय शादियों में होने वाले खर्च की। जिन भारतीय परिवारों की कुल संपत्ति 50 लाख से 1 करोड़ के बीच होती है वो अपने बच्चों की शादी पर तकरीबन 10-15 लाख खर्च करते हैं और यह आम बात है।
10 करोड़ रुपए तक की संपत्ति वाले शादी पर तकरीबन डेढ़ करोड़ तक खर्च करते हैं। इस लिहाज से लोग अपनी कुल संपत्ति का 5 से 15 फीसदी शादियों पर खर्च कर देते हैं।
अंबानी परिवार खर्च का लेखा-जोखा
अब अगर अंबानी परिवार की बात करें तो अनुमान है कि अंतरराष्ट्रीय हस्तियों और व्यापारियों सहित पूरे शादी के कार्यक्रम पर तकरीबन 5,000 करोड़ रुपए खर्च किए गए हैं। वहीं मुकेश अंबानी की कुल संपत्ति की बात करें तो यह 123.2 बिलियन डॉलर यानि 8,08,700 करोड़ रुपए है। इस आंकड़े को ज्यादा समझने की कोशिश मत कीजिए, सिर चकरा जाएगा।
मुकेश अंबानी ने अपनी कुल संपत्ति का सिर्फ 0.5 फीसदी के लगभग इस शादी पर खर्च किया है। एनसी फाइनेंशियल एडवाइजरी सर्विसेज के नितिन चौधरी का कहना है कि इस भव्यता के बावजूद अंबानी परिवार अपनी कुल संपत्ति का केवल 0.5 प्रतिशत ही इस शादी पर खर्च कर रहा है।
जोकि आम भारतीय परिवारों की तुलना में कई गुना कम है। अब जब आप इस आंकड़े को बेहतर तरह से समझ ही गए हैं तो आगे के आर्टिकल में अंबानी परिवार की ओर से अलग-अलग चीजों पर खर्च किए गए पैसों और वीवीआईपी मेहमानों की दिलचस्प जानकारी को बेफिक्र होकर पढ़िए और थोड़ा खुश हो लीजिए।
सितारों से सजी महफिल
इस शादी में मेहमानों की सूची में पूर्व प्रधानमंत्री, फॉर्च्यून 500 के सीईओ, मंत्री और यहां तक कि कार्दशियन भी शामिल हैं। पिछले हफ्ते अनंत अंबानी और राधिका मर्चेंट के संगीत समारोह में कनाडाई पॉप स्टार जस्टिन बीबर ने प्रस्तुति दी थी।
गरबा नाइट, संगीत नाइट, हल्दी समारोह और भंडारा जैसे कार्यक्रमों में अंबानी और मर्चेंट्स परिवार के साथ-साथ उनके स्टार मेहमानों की तस्वीरों से सोशल मीडिया भर गया है। जिसे लोगों ने काफी पसंद किया।
विवाह कार्यक्रम
अनंत और राधिका की शादी 12 जुलाई को एक निजी विवाह समारोह में संपन्न हुई। 13 जुलाई को शुभ आशीर्वाद और 14 जुलाई को मुंबई के बांद्रा कुर्ला कॉम्प्लेक्स के जियो वर्ल्ड सेंटर में एक रिसेप्शन का कार्यक्रम होगा।
लग्जरी क्रूज पर कार्यक्रम
इससे पहले मार्च माह में रिहाना ने जामनगर में हुए कार्यक्रम में जबरदस्त प्रस्तुति दी थी। इस कार्यक्रम में बिल गेट्स, इवांका ट्रंप और मेटा के मार्क जुकरबर्ग समेत कई अन्य लोग शामिल हुए थे। मई माह में एक लक्जरी यूरोपीय क्रूज में कार्यक्रम का आयोजन किया गया जिसमे कैटी पेरी और पिटबुल सहित लगभग 800 वीवीआईपी मेहमानों ने शिरकत की।
मुंबई का इलाका रिजर्व
मुंबई में अंबानी परिवार के इस कार्यक्रम को देखते हुए 12-15 जुलाई तक दोपहर 1 बजे से आधी रात के बीच जियो वर्ल्ड कन्वेंशन सेंटर के पास की सड़कों को सिर्फ इस कार्यक्रम में आने वाले वीवीआईपी मेहमानों के लिए रिजर्व कर दिया गया।
इस पूरे रास्ते को लाइटों और फूलों से सजाया गया। आसपास के यातायात को धीमा कर दिया गया। यही नहीं मुंबई में अंबानी की 27 मंजिला हवेली एंटीलिया को भी गेंदे के फूलों और पीली लाइटों से रोशन किया गया।
क्लब वन एयर के राजन मेहरा ने बताया कि अंबानी परिवार ने मेहमानों को लाने-ले जाने के लिए तीन फाल्कन-2000 जेट विमान किराए पर लिए हैं। साथ ही 100 से अधिक निजी विमान के जरिए मेहमान मुंबई पहुंचे।












Click it and Unblock the Notifications