UP में महावीर जयंती और गुड फ्राइडे पर खुलेंगे बैंक और ट्रेजरी
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर महावीर जयंती और गुड फ्राइडे के दिन प्रदेश के बैंक खुले रहेंगे। 6 अप्रैल और 10 अप्रैल की छुट्टियों को यूपी सरकार ने रद्द कर दिया है। दरअसल, कोरोना वायरस के कारण हुए लॉकडाउन के चलते योगी सरकार ने कई योजनाओं की शुरुआत की है। इन योजनाओं का लाभ राज्य के लोगों को मिले, इसके लिए सरकार ने इन दोनों दिन बैंकों को खुला रखने का निर्णय लिया है।

6 और 10 अप्रैल को बैंक खुले रहेंगे
प्रदेश के अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश कुमार अवस्थी ने शुक्रवार को कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर दोनों ही सार्वजनिक अवकाश यानी महावीर जयंती और गुड फ्राइडे के मौके पर 6 और 10 अप्रैल को बैंक खुले रहेंगे ताकि विभिन्न योजनाओं के तहत वित्तीय सहायता पाने वाले लाभार्थियों को किसी तरह की कोई समस्या का सामना ना करना पड़े। बता दें कि यूपी सरकार राज्य के अलग-अलग वर्ग के जरूरतमंदों को पैसे ट्रांसफर कर रही है। इसमें बुजुर्ग, महिला और गरीब वर्ग शामिल है।

इसलिए खुलेंगे बैंक
कोरोना वायरस संक्रमण के कारण पूर्ण लॉकडाउन की स्थिति में राज्य सरकार डीबीटी के माध्यम से किसानों व गरीबों के लिए घोषित आर्थिक पैकेज का पैसा लाभार्थियों के खाते में भिजवा रही है। ऐसी स्थिति में सभी डीएम व मुख्य वरिष्ठ कोषाधिकारी अपने-अपने जिलों में बैंक व कोषागार खुलवाने का निर्देश दिया गया है।

सुबह 10 से शाम चार बजे तक खुल रहे हैं बैंक
इससे पहले उत्तर प्रदेश सरकार ने लॉकडाउन के कारण लोगों को हो रही असुविधा को देखते हुए शासन ने सभी बैंकों को नियमित रूप से पहले की तरह सुबह 10 से शाम चार बजे तक खोलने का निर्देश दिया है। लॉकडाउन की घोषणा के बाद बैंक दोपहर दो बजे तक ही संचालित हो रहे थे। बैंकों के एटीएम को भी नियमित रूप से खुलवाने का निर्देश दिया गया है। अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश कुमार अवस्थी ने इस बारे में बुधवार को शासनादेश जारी किया था।












Click it and Unblock the Notifications