अस्थिरता के बाद भी पसंदीदा बनी Bitcoin, एल सल्वाडोर के बाद इन देशों की है नजर
नई दिल्ली, 16 सितम्बर। बिटकॉइन में लगातार उतार-चढ़ाव के बावजूद इसे लेकर निवेशकों और संस्थानों की रुचि बनी हुई है। सिर्फ यही नहीं एल सल्वाडोर तो बिटकॉइन को कानूनी मुद्रा के रूप में भी मान्यता दे चुका है और अब कई दूसरे देश भी इस तरफ बढ़ने की तैयारी कर रहे हैं। रिपोर्ट के मुताबिक पैराग्वे बिटकॉइन को लीगल टेंडर के रूप में मान्यता देने वाला दूसरा देश हो सकता है। जबकि अर्जेंटीना, ब्राजील और पनामा भी क्रिप्टोकरेंसी को कानून के दायरे में लाकर इसमें व्यापार को आसान करना चाह रहे हैं।

इन सबसे अलग यूरोपीय देश यूक्रेन बिटकॉइन की तरफ एक कदम आगे निकल गया है। हाल ही में यूक्रेन ने बिटकॉइन को कानूनी जामा पहनाने और इसे नियामक के दायरे में लाने के लिए एक बिल पास किया है। यह बिल एक साल पहले ड्राफ्ट किया गया था और इसे देश के 282 सांसदों में से 276 का सपोर्ट मिला है।
फिर वापसी कर रही बिटकॉइन
गुरुवार को एथेरियम में 7 प्रतिशत की उछाल के साथ अधिकांश बड़ी क्रिप्टोकरेंसी हरे रंग में कारोबार कर रही हैं। क्रिप्टोकरेंसी का ग्लोबल मार्केट कैप पिछले 24 घंटे में 3.50 प्रतिशत की वृद्धि हुई है और यह 2.2 ट्रिलियन डॉलर पर पहुंच गया है।
क्रिप्टो बाजार पर नजर रखने वाली वेबसाइट कॉइनमार्केट कैप के आंकड़ों के मुताबिक दुनिया की सबसे बड़ी क्रिप्टोकरेंसी बिटकॉइन 16 सितम्बर को 48000 डॉलर के ऊपर कारोबार कर रही है जो कि पिछले दिन की तुलना में लगभग 3 प्रतिशत ज्यादा है। बिटकॉइन ने पिछले 7 दिनों में 5 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की है। इसके साथ ही बिटकॉइन का मार्केट कैप 900 अरब डॉलर को पार कर गया है।
ईथर ने भी देखी बढ़त
मार्केट कैप के हिसाब से दूसरी सबसे बड़ी क्रिप्टोकरेंसी एथेरियम ब्लॉकचेन की ईथर ने भी अच्छी बढ़त देखी है और यह 3600 डॉलर के करीब कारोबार कर रही है। ईथर ने पिछले दिन के मुकाबले 7 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की है।
कार्डानो और बिनांस कॉइन ने भी पिछले दिन के मुकाबले में लगभग 4 प्रतिशत ऊपर कारोबार किया है। कार्डानो जहां 2.47 डॉलर पर है वहीं बिनांस कॉइन खबर लिखे जाने तक 427.60 डॉलर की कीमत पर पहुंच गई थी।
हाल के दिनों में तेज रफ्तार से बढ़ने वाली सोलाना का टूटना जारी है और यह क्रिप्टोकरेंसी गुरुवार को 1.38 प्रतिशत खिसककर 159.32 डॉलर पर पहुंच गई। सोलाना में पिछले 7 दिनों में 23.78 प्रतिशत की गिरावट देखी गई है।












Click it and Unblock the Notifications