भारत में पहली बार आया सबसे फास्ट चार्जिंग सिस्टम, 8 मिनट चार्जिंग के बाद 200 किमी दौड़ेगी कार
नई दिल्ली। 'ग्लोबल मोबिलिटी समिट 2018-Move'में ऊर्जा क्षेत्र से जुड़ी कंपनी एबीबी ने एक शानदार कार बैटरी चार्जिंग सिस्टम पेश किया। यह चार्जिंग सिस्टम सिर्फ 8 मिनट में कार बैटरी को इतना चार्ज कर सकता है कि उसे 200 किलोमीटर दौड़ाया जा सके। भारत में पहली बार पेश किए गए इस चार्जिंग सिस्टम का नाम है- 'टैरा एचपी फास्ट चार्जिंग सिस्टम'। यह फास्ट चार्जिंग सिस्टम हाई-वे और पेट्रोल पंप पर काफी कारगर साबित हो सकता है, जहां गाडि़यों की लंबी कतारें लगी होती हैं और समय कम होता है।

'ग्लोबल मोबिलिटी समिट 2018-Move' का उद्घाटन पीएम नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को किया। विज्ञान भवन में आयोजित इस समिट को नीति आयोग करा रहा है। इसका मकसद है कि 'क्लीन मोबिलिटी' यानी ऐसे वाहन सड़कों पर उतरें, जिनसे प्रदूषण न हो। इस दिशा में इलेक्ट्रिक व्हीकल काफी कारगर साबित हो सकते हैं। चूंकि इलेक्ट्रिक व्हीकल्स को चार्ज करना बड़ी चुनौती होती है। ऐसे में ABB का यह फास्ट चार्जिंग सिस्टम बेहद कारगर साबित हो सकता है।
'ग्लोबल मोबिलिटी समिट 2018-Move' में ABB के के सीईओ उलरीह स्पिसशोफर भी मौजूद रहे। वह उन प्रमुख इंडस्ट्री लीडर्स में एक रहे, जिन्होंने सम्मेलन में टेक्नोलॉजी की दुनिया को बदलने के बारे में काफी अच्छी जानकारी दी। उन्होंने भारत सरकार की ट्रांसपोर्ट सिस्टम को ई-ट्रांसपोर्ट में बदलने की इच्छा के मुताबिक, अपना विजन पेश किया। इस दौरान उन्होंने अपनी कंपनी की कई ऐसी टेक्नोलॉजी के बारे में बताया, जिनसे ई-मोबिलिटी ट्रांसपोर्ट सिस्टम खड़ा करने में काफी मदद मिल सकती है। उन्होंने कहा कि भारत के पास पूरी क्षमता है कि वह सस्टेनेबल ट्रांसपोर्ट सिस्टम के मामले में वर्ल्ड लीडर बन सके।
एबीबी की दुनिया की टॉप कंपनीज में एक है। दुनिया के 68 देशों में कंपनी के 8000 स्टेशन हैं। एबीबी ने सात साल पहले इलेक्ट्रिक व्हीकल चार्जिंग की दुनिया में कदम रखा। पहले कार या इलेक्ट्रिक बसों को चार्ज करने में घंटों का समय लगता था, लेकिन एबीबी के चार्जिंग सिस्टम ने बड़ा बदलाव कर दिया है।












Click it and Unblock the Notifications