Bulandshahr: ट्यूशन के लिए घर से निकली छात्रा की सामने आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट, सिर में चोट लगने से हुई थी मौत
Bulandshahr: ट्यूशन के लिए घर से निकली छात्रा की सामने आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट, सिर में चोट लगने से हुई थी मौत
बुलंदशहर, 01 अक्टूबर: उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले में ट्यूशन के लिए निकली हाईस्कूल की एक छात्रा का शव हाईवे किनारे झाड़ियों में पड़ा मिला था। शव मिलने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया था। वहीं, अब छात्रा की पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आ गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के मुताबिक, छात्रा की हत्या गला दबाकर नहीं, बल्कि सिर में गहरी चोट लगने से हुई थी। यह बात बुलंदशहर जिले के एसएसपी संतोष कुमार सिंह ने बताई।

एसएसपी संतोष कुमार ने बताया कि हाईस्कूल की छात्रा का वीडियोग्राफी कराते हुए 3 डॉक्टरों के पैनल ने पोस्टमार्टम किया था, जिसकी रिपोर्ट हमे आज प्राप्त हो गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के मुताबिक, छात्रा की मौत हेड इंजरी की वजह से हुई है। शरीर में कही और किसी भी हिस्से में चोट के निशान पोस्टमार्टम रिपोर्ट में नहीं आए है। बताया कि एक संदिग्ध युवक को पुलिस ने हिरासत में लिया है, जिससे अभी पूछताछ जारी है।
क्या है पूरा मामला
ये मामला बुलंदशहर जिले के खुर्जा कोतवाली देहात के गांव किर्रा की है। बता दें कि गांव निवासी हाईस्कूल की छात्रा अंजलि दोपहर करीब 1:00 बजे घर से ट्यूशन के लिए निकली थी। अंजलि देर शाम तक जब घर वापस नहीं लौटी तो परिजन टीचर के घर पहुंचे तो पता चला की वो आज ट्यूशन आई ही नहीं। जिसके बाद उसकी तलाश शुरू की गई। इसी दौरान छात्रा का शव एनएच 91 पर झाड़ियों के बीच पड़ा मिला।
तीन डॉक्टरों के पैनल ने किया पोस्टमार्टम
छात्रा का शव मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना मिलने के बाद खुर्जा कोतवाली देहात पुलिस और फॉरेंसिक विभाग की टीम वारदात स्थल पर पहुंच गई और अधिकारियों को सूचना दी। सूचना पर एसएसपी संतोष कुमार सिंह भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने मौका मुआयना किया और आसपास के लोगों से पूछताछ की। फॉरेंसिक विभाग ने मौका-ए-वारदात से साक्ष्यों को अपने कब्जे में लेकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बता दें, 3 डॉक्टरों के पैनल ने मृतक छात्रा का पोस्टमार्टम किया। इस दौरान वीडियोग्राफी भी कराई गई।
गांव में किया छात्रा का अंतिम संस्कार
पोस्टमार्टम के बाद जैसे ही छात्रा का शव गांव में पहुंचा तो ग्रामीण शव को देखकर आक्रोशित हो गए। ग्रामीणों ने हंगामा करते हुए छात्रा का अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया। हालांकि बाद में पुलिस और प्रशासनिका अधिकारियों के समझाने पर उन्होंने अंतिम संस्कार किया। इस दौरान ग्रामीणों ने आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार कर उन्हें सख्त सजा के साथ ही परिजनों को आर्थिक मदद दिलाने की मांग की।
पुलिस ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के लिए गठित की छह टीमें
एसएसपी संतोष कुमार ने बताया कि आरोपियों को पकड़ने के लिए 06 टीम गठित की गई हैं। साथ ही टेक्निकल एविडेंसेस भी कलेक्ट किए जा रहे हैं। इसके अलावा जिस संदिग्ध युवक को हिरासत में लिया गया है उससे भी गहनता से पूछताछ जारी है। जल्द ही इस सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा किया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications