लव मैरिज का खौफनाक अंत: पत्नी और 8 माह की बेटी को कुल्हाड़ी से काटा, बहनों ने देखा खौफनाक मंजर
उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। बुधवार सुबह मामूली विवाद के चलते एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी और 8 महीने की बेटी को कुल्हाड़ी से काट डाला। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। मौके पर मौजूद आरोपी पति की बहन ने पुलिस को सूचना दी। जब पुलिस मौके पर पहुंची तो हत्यारा वहीं शव के पास बैठा हुआ था।
दिल्ली से लौटा था पति, पत्नी से हुआ विवाद
बता दें कि पूरा मामला बदायूं के दातागंज कोतवाली क्षेत्र के गांव भुडेली का है। यहां के रहने वाले अखिलेश और पत्नी खुशबू की एक 8 माह की बेटी थी। अखिलेश दिल्ली में मेहनत मजदूरी कर के घर का खर्च चलाता था। लेकिन कुछ ही दिन पहले खेतीबाड़ी के सिलसिले से वो गांव लौटकर आया था। जानकारी अनुसार मंगलवार रात पत्नी खुशबू से अखिलेश का विवाद हुआ था, जिसके बाद वह खेत चला गया था।

कुल्हाड़ी से किये ताबड़तोड़ वार
बुधवार सुबह वह खेत से लौट कर आया और अपनी बहन से पत्नी के बारे में पूछा। पत्नी के कमरे में होने की जानकारी पर वह भी वहीं चला गया। जहां अखिलेश और उसकी पत्नी खुशबू के बीच फिर लड़ाई शुरू हो गई। इस बार गुस्साए अखिलेश ने पास रखी कुल्हाड़ी उठाई और पत्नी पर ताबड़तोड़ वार करना शुरू कर दिए। जिससे उसकी मृत्यु हो गई।
शवों के पास ही बैठ गया आरोपी
उधर, खुशबू की गोद मे ही उसकी आठ माह की बच्ची सृष्टि भी थी। कुल्हाड़ी उसे भी लग गई, जिससे उसकी भी मौके पर ही मौत हो गई। बेटी और पत्नी की हत्या करने के बाद आरोपित अखिलेश वहीं बैठ गया। उसकी बहन ने ये सब देखकर आसपास के लोगों व पुलिस को बुलाया। सूचना पर दातागंज कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सौरभ सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उस समय अखिलेश शव के पास ही बैठा हुआ था।

पुलिस के सवालों का नहीं दे रहा जवाब
पुलिस अखिलेश को गिरफ्तार कर कोतवाली ले गई। उसे पत्नी का नहीं बल्कि बेटी की मृत्यु का अफसोस था। वारदात के पीछे अवैध संबंधों को भी माना जा रहा है। हालांकि, उससे वजह पूछी जा रही है, लेकिन वह कुछ जवाब नहीं दे रहा है। वहीं सूचना पर एसएसपी डॉ ओपी सिंह भी पहुंच गए। उन्होंने भी आरोपित से पूछताछ की लेकिन वह कुछ बोल नहीं रहा।
2 साल पहले की थी लव मैरिज
उधर, पुलिस छानबीन में सामने आया कि 2 साल पहले जब अखिलेश दिल्ली में रहकर नौकरी करता था, तब उसकी जान पहचान बिहार की रहने वाली खुशबू से हुई थी। दोनों में प्रेम सम्बन्ध हो गए थे, फिर दोनों ने भागकर शादी कर ली थी। जानकारी अनुसार खुशबू बार-बार अपने मायके जाने की जिद करती थी। जिसको लेकर कई बार झगडे भी होते थे। हालांकि, पुलिस अभी भी पूछताछ में जुटी हुई है।












Click it and Unblock the Notifications