फालतू समझ महिला को दिया सोफा, लेकर घर पहुंची तो उसमें मिला छिपा 'खजाना'
कैलिफोर्निया, 3 जून। एक महिला के हाथों उस समय जैकपॉट लग गया जब वो एक मुफ्त में मिला सोफा लेकर अपने घर पहुंची। सोफे में महिला को इतनी बड़ी रकम छिपी मिली कि देखते ही महिला खुशी के मारे चिल्लाने लगी। सोफे में 28 लाख रुपये रखे हुए थे।

सोफे के साथ हाथ लगा खजाना
विकी उमोडू काफी दिनों से एक सोफे की तलाश कर रही थी। काफी खोजबीन के बाद उसे एक परिवार ने सोफा देने की पेशकश की। जब वह सोफे को लेकर घर पहुंची तभी उसे पता चला कि उसके हाथ सोफे के साथ एक खजाना हाथ लग गया है।
एबीसी 7 ने कैलिफोर्निया की रहने वाली विकी के हवाले से लिखा है कि वह नई-नई अपनी प्रॉपर्टी में शिफ्ट हुई थी और उसके पास कोई सामान नहीं था। वह कई दिनों से ऑनलाइन ही घर के चीजों की तलाश कर रही थी। इसी दौरान जब वह स्क्रॉल कर रही थी तो उसने देखा कि कुछ आइटम मुफ्त मिल रहे हैं।

परिवार के सदस्य की मौत के बाद दिया सारा सामान
विकी ने जब क्लिक किया तो पाया कि यह एक परिवार था जो अपना एक सोफा और बेडरूम सेट में रखी सारी चीजें किसी को देना चाहता था। विकी को पहले तो लगा कि यह कोई मजाक भी हो सकता है इसलिए जाने से पहले उन्हें काल कर लेना चाहिए। विकी ने कॉल किया तो उसे पता चला कि इस परिवार में किसी एक सदस्य की मौत हो गई थी जिसके बाद वह उससे जुड़ी सारी चीजें किसी को देना चाहते हैं।

घर पहुंची तो डबल हो चुकी थी खुशी
विकी आगे बताती है कि मैं अभी-अभी शिफ्ट हुई थी और मेरा पास घर में कोई भी सामान नहीं था। मैं खूब खुश थी और तुरंत सारा सामान पैक कराया और अपने साथ घर ले आई।
उसने कहा कि घर पहुंचने के कुछ समय बाद ही मुझे अहसास हुआ कि सोफे के कुशन के अंदर कुछ बंद था। पहले तो विकी को लगा कि शायद यह हीट पैड होगा। लेकिन जब उसने कुशन को खोला तो देखकर उसकी चीख निकल गई। कुछ के अंदर एक लिफाफे में रखकर कैश रखा हुआ था।

रकम मालिक को लौटाई वापस
जब उसने रकम गिनी तो यह 36 हजार अमेरिकी डॉलर था। भारतीय रुपये में ये रकम 28 लाख के करीब पहुंचती है। महिला ने कहा मैने सारे पैसे वापस लौटाने का फैसला किया क्योंकि भगवान ने मुझे सब दिया है। मेरे तीन खूबसूरत पोते-पोतियां हैं। भगवान से मुझे और क्या चाहिए।

रकम मिलने पर परिवार ने दिया 2000 डॉलर इनाम
जब विकी ने परिवार को सोफे में पैसा मिलने की बात बताई और उन्हें वह रकम लौटाई तो परिवार की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। परिवार ने विकी को नया रेफ्रिजरेटर खरीदने के लिए 2000 डॉलर लगभग डेढ़ लाख रुपये भी दिए। इसके बाद परिवार ने घर में और जगहों पर भी नकदी की खोज की कि शायद उनके रिश्तेदार ने कहीं और भी पैसा छिपाय हो। हालांकि फिर कुछ नहीं मिला।












Click it and Unblock the Notifications