'महिला है या फिरकनी...', 6 घंटे की कॉकटेल पार्टी के बाद ऐसी हुई हालत, पति ने शेयर किया Video
महिला कार की पिछली सीट से उतरकर अपने घर की तरफ बढ़ी, लेकिन नशे की हालत में...
लंदन: बड़े-बुजुर्ग और सेहत को लेकर फिक्रमंद लोग अक्सर हिदायत देते हैं कि शराब अगर हिसाब से पियो तो दवा... और बेहिसाब पियो तो दुश्मन बन जाती है। लेकिन, मौका अगर यार-दोस्तों के साथ कहीं पार्टी का हो, तो फिर ये हिदायत किसे याद रहती है। कुछ ऐसा ही हुआ एक महिला के साथ, जो लंच के लिए अपने दोस्तों के साथ बाहर गई थी और वहां बहुत ज्यादा कॉकटेल पी ली। लंच के बाद जब महिला के दोस्त उसे छोड़ने के लिए घर पहुंचे तो उसकी हालत कुछ ऐसी थी कि कार से निकलकर वो चली तो अपने घर के दरवाजे की तरफ, लेकिन वापस चक्कर खाकर कार के आगे ही आकर गिर पड़ी।

सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई पूरी घटना
न्यूज वेबसाइट 'द सन' की खबर के मुताबिक, ये पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। इसके बाद महिला के पति ने ही खुद इस वीडियो को टिकटॉक पर शेयर कर दिया। वीडियो में नजर आ रहा है कि एक कार एक घर के आगे आकर रुकती है। इसके बाद एक महिला कार की पिछली सीट से उतरकर अपने घर की तरफ बढ़ती है, लेकिन नशे की हालत में घर के दरवाजे से चक्कर खाती हुई वापस कार के आगे आकर गिर जाती है।

'पत्नी घर लौटी...कॉकटेल के 6 घंटे...लेकिन क्या'
ये पूरा वाकया जिस तरह से सीसीटीवी में कैद हुआ, उसे देखकर लगता है कि जैसे महिला एक फिरकनी की तरह कार के पीछे से आगे की तरफ भागती है। इस वीडियो को शेयर करते हुए महिला के पति ने कैप्शन में लिखा, 'दोस्तों के साथ लंच करने के बाद मेरी पत्नी घर लौटी...कॉकटेल के 6 घंटे...लेकिन क्या वो सामने वाले दरवाजे से घर में एंट्री ले पाएगी...?'

'जैसे वो पवनचक्की के चक्कर लगा रही हो...'
ये वीडियो देखते ही देखते सोशल मीडिया पर वायरल हो गया और इसपर एक मिलियन से भी ज्यादा लाइक अभी तक आ चुके हैं। वहीं, वीडियो पर हजारों लोगों ने कमेंट भी किए हैं। एक यूजर ने इस वीडियो पर कमेंट करते हुए लिखा, 'इस महिला को देखकर ऐसा लग रहा है, जैसे वो पवनचक्की के चक्कर लगा रही हो...'। वहीं एक और यूजर ने वीडियो पर कमेंट किया, 'इस महिला को लगा होगा कि ये जादू वाले हिंडोले पर बैठी है।'

'मदद के लिए दोस्त जानबूझकर बाहर नहीं निकले, क्योंकि...'
हालांकि, महिला के वीडियो पर आए सभी कमेंट्स में से जिस कमेंट को सबसे ज्यादा 3249 लाइक्स मिले, उसमें एक यूजर ने लिखा, 'उसके दोस्त जानबूझकर उस महिला की मदद के लिए कार से बाहर नहीं निकले, क्योंकि वो सब भी उसे देखकर मजे ले रहे थे।' एक अन्य इंटरनेट यूजर ने महिला के इस वीडियो पर कमेंट करते हुए लिखा, 'क्या अगली बार मुझे भी इस लंच पार्टी में आने का निमंत्रण मिल सकता है।' एक और शख्स ने कमेंट किया, 'बाकी दिनों की तरह यूके में एक और वैसा ही शुक्रवार...।'

'शराब के नशे में सोफे के पीछे जा गिरी महिला'
आपको बता दें कि अभी हाल ही में इंग्लैंड के नॉर्थ शील्ड्स शहर में ऐसा ही एक और मामला सामने आया था। दरअसल यहां लिंडसे क्लार्क नाम की एक महिला अपनी एक दोस्त की बर्थडे पार्टी में गई थी। पार्टी एक शानदार बार के अंदर थी और दावत खत्म होने के बाद जब दोस्त अपने-अपने घर जाने के लिए उठे तो लिंडसे ने देखा कि उसकी एक दोस्त की जैकेट सोफे के कोने पर रखी है। लिंडसे उस जैकेट को उठाने के लिए गई और शराब के नशे में लड़खड़ाकर खुद ही सोफे के पीछे जा गिरीं।
ये भी पढ़ें- 'बुढ़ापा तो पुरानी शराब की तरह...', अफसर की गोद में डांस करने वाली पुलिसकर्मी ने अब लिखी ये पोस्ट
पैरों से खींचकर निकालना पड़ा बाहर
लिंडसे क्लार्क सोफे के पीछे इस तरह फंस गईं थी कि उनके पैर ऊपर हवा में और सिर नीचे की तरफ था। इसके बाद रेस्टोरेंट स्टाफ के ही दो लोगों ने लिंडसे क्लार्क को पैरों से खींचकर बाहर निकाला। इस दौरान उनके दोस्तों ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया और सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया। हालांकि लिंडसे ने भी इस वाकये को एक मजाक के तौर पर ही लिया और बताया कि उनके दोस्त जानते हैं कि मैं ऐसी ही हूं।












Click it and Unblock the Notifications