वैज्ञानिकों को मिली 'मायावी' मछली, हर रोज बदलती है अपने 20 दांत
नई दिल्ली, 6 नवंबर: पानी के अंदर जीवों की हजारों प्रजातियां पाई जाती हैं। जिसमें से कुछ के बारे में ही लोगों को पता है। अब वैज्ञानिकों ने एक 'मायावी' मछली खोज निकाली, जिसके जबड़ों में 500 से ज्यादा नुकीले दांत होते हैं। इसकी मदद से वो अपने शिकार को मिनटों में चबा जाती है। खास बात तो ये है कि वो रोजाना अपने दांत भी बदल लेती है।

क्या है नाम?
रॉयल सोसायटी बी की रिपोर्ट के मुताबिक इस मायावी मछली का नाम पैसिफिक लिंकोड है। इसे अच्छे शी फूड में से एक माना जाता है, लेकिन अगर आप जिंदा रहने पर उसके मुंह को छुएंगे तो ये आपको घायल कर देगी। इस मछली के मुंह में 500 से ज्यादा दांत हैं, लेकिन वो इतने नुकीले कैसे हैं, इस पर जब वैज्ञानिकों ने अध्ययन किया तो हैरान कर देने वाले खुलासे हुए।

शार्क के दांत से होते हैं अलग
वाशिंगटन यूनिवर्सिटी के शोधकर्ताओं के मुताबिक मछली के अंदर रोज उगने वाले दांतों का एक सेट होता है। ये रोजाना अपने आप 20 नए दांत उगा लेती है, जिस वजह से पुराने और कम नुकीले दांत टूट जाते हैं। वहीं मनुष्यों में बचपन में दूध के दांत टूटते हैं, उसके बाद नए आते हैं। फिर ये प्रक्रिया नहीं होती। वैज्ञानिकों को ये भी पता चला कि शार्क में भी दांत के कई सेट होते हैं, लेकिन वो लिंकोड से अलग होते हैं।

गले में भी दांत
इस शोध में कुल 10 हजार दांतों का विश्लेषण किया गया। जिसमें पता चला कि दो प्रकार के जबड़ों के सेट होते हैं। इसमें पहला मुंह में होता है। इसकी मदद से वो मजबूत चमड़ी वाले शिकार को भी खा जाती हैं, जबकि दूसरा गले में होता है। इसका काम शिकार को चबाने और पेट में पहुंचाने का होता है। भीतरी जबड़े में मौजूद दांत सबसे ज्यादा बदलते हैं और जहां का दांत टूटता है, वहां उसी साइज का दांत निकलता है। ये प्रक्रिया इंसानों में भी होती है।












Click it and Unblock the Notifications