'आज कुछ तूफानी करते हैं...', चोर ने थाने से चुराई पुलिस जीप, लॉन्ग ड्राइव पर निकला..लेकिन एक गलती कर बैठा
'Andhra Pradesh police vehicle rakshak: 'गाड़ी उठ गई है एसएचओ साब की, और वो भी बीच थाने में से...पुलिस वाला भी नहीं बख्शा, क्या करें इन मेवात के छोरों का...।' ये डॉयलाग है एक हरियाणवी वेब सीरीज 'मेवात' का, जो हाल ही में ओटीटी प्लेटफॉर्म STAGE पर रिलीज हुई थी। इस वेब सीरीज में गाड़ियां चुराने वाले चोरों का एक गैंग थाने से पुलिस अधिकारी की ही गाड़ी चुराकर बेच देता है। लेकिन, अब ऐसा रियल में हुआ है।
चौंकिए मत, इस चोर ने ना केवल पुलिस की गाड़ी चुराई, बल्कि उस गाड़ी में ही बैठकर लॉन्ग ड्राइव पर भी निकल गया। पुलिस को जब भनक लगी कि अधिकारियों की कुर्सी के पाए हिल गए। फौरन टीमें बनाई गईं और आस-पास के सारे सीसीटीवी फुटेज खंगालते हुए पुलिस चोर की तलाश में जुट गई। लंबी जद्दोजहद के बाद आखिरकार ये चोर पड़ोसी राज्य में पुलिस की ही गाड़ी में सैर-सपाटा करता हुआ पकड़ा गया।

मामला आंध्र प्रदेश के चित्तूर इलाके का है, जहां सोमवार को थाने के सामने ही पुलिस का पेट्रोलिंग वाहन 'रक्षक' खड़ा हुआ था। महकमे के तमाम अधिकारी और जवान अपने-अपने काम में मशगूल थे कि तभी किसी की नजर पड़ी तो देखा कि 'रक्षक' लापता है। पुलिस को अंदाजा नहीं था कि कोई चोर इतने बड़े जिगरे वाला भी होगा, कि उनकी ही गाड़ी चुरा लेगा, इसलिए पहले आस-पास के इलाके में तलाश की गई और जब 'रक्षक' नहीं मिला, तो अधिकारियों को सूचना दी गई।
CCTV में ना दिखता, तो बच निकलता चोर
पुलिस वाहन की चोरी की खबर से विभाग में ऊपर से लेकर नीचे तक हड़कंप मच गया। आस-पास जहां-जहां सीसीटीवी लगे थे, सबकी फुटेज खंगाली गई, तो पता चला कि चोर पुलिस वाहन को लेकर तमिलनाडु बॉर्डर की तरफ निकला है। इसके बाद तमिलनाडु पुलिस से संपर्क साधा गया और मामले की जानकारी दी गई। इसके बाद दोनों राज्यों की पुलिस ने मिलकर चोर को तमिलनाडु के टिंडीवनम इलाके से धर दबोचा।
आखिर चोर ने पुलिस की गाड़ी चुराई कैसे?
पुलिस ने इसके बाद मामले की पूरी डिटेल देते हुए बताया कि पकड़ा गया चोर थाने के आस-पास ही चोरी करने के मकसद से घूम रहा था। उसकी नजर थाने के सामने खड़े पुलिस वाहन पर पड़ी, जिसमें चाबी लगी हुई थी। इसके बाद चोर ने गाड़ी स्टार्ट की और तमिलनाडु बॉर्डर की तरफ निकल गया। चूंकि गाड़ी एक पुलिस वाहन था तो बॉर्डर पर किसी ने उसे रोका भी नहीं। फिलहाल आरोपी पुलिस की गिरफ्त में है और उससे पूछताछ जारी है।












Click it and Unblock the Notifications