'...असली अमीर ही खा सकते हैं', 3 लाख रुपये किलो बिक रहा ये आम, क्या है खासियत?
Taiyo no Tamago: ताईयो नो तामागो आम 3 लाख रुपये किलो बिकता है। इसकी खेती चुनिंदा जगहों पर ही होती है।

गर्मियों के साथ भारत में आम का सीजन आ गया है। इन दिनों जगह-जगह आम की दुकानें देखने को मिल रहीं। सीजन आने पर भारत में आम 20 रुपये से लेकर 100 रुपये तक बिकता है, लेकिन आज हम आपको दुनिया के सबसे महंगे आम के बारे में बताने जा रहे। जिसे सिर्फ असली अमीर ही खा सकते हैं।
आम की एक किस्म है 'ताईयो नो तामागो', ये आमतौर पर जापान में उगाए जाते हैं, लेकिन दुनिया के कुछ अन्य हिस्सों में भी इनकी खेती शुरू हो गई है। इसकी कीमत 3600 डॉलर प्रति किलो से ज्यादा रहती है। भारत के हिसाब से ये राशि 3 लाख के आसपास होगी।
मामले में एक एक्सपर्ट ने बताया कि इसे 'एग ऑफ द सन' (सूरज का अंडा) भी कहते हैं। पहले ये सिर्फ जापान के मियाजाकी प्रांत में पाया जाता था। इसका पेड़ संरक्षित जगह पर लगाया जाता है। जिसके बाद गर्मी और सर्दी के सीजन के बीच में उस पर फल लगते हैं।
फल को जालीदार कवर से ढक दिया जाता है। जिससे कुछ हिस्से पर तो धूप पड़ती है, जबकि कुछ पर नहीं। इस वजह से ये रंग-बिरंगा हो जाता है। जब ये आम पकता है, तो टूटकर उसी जाली में गिर जाता है। फिर इसे बाजार में अच्छे दाम में बेचा जाता है।
खुद नहीं तोड़ते किसान
इस आम की खेती में बहुत सावधानियां बरतनी पड़ती हैं। इसे किसान खुद नहीं तोड़ते हैं, वो इसके पूरी तरह से पकने और खुद गिरने का इंतजार करते हैं। उनका मानना है कि खुद से तोड़ने पर इसका स्वाद चला जाता है।
कैसा होता है स्वाद?
ये आम मीठा और कम रेसेदार होता है। इसमें अनानास और नारियल का भी हल्का स्वाद आता है। ये आम काफी दुर्लभ है, ऐसे में इसकी कीमत हमेशा आसमान छूती रहती है। 2017 में तो सिर्फ दो आम 2.70 लाख के बिके थे।












Click it and Unblock the Notifications