'जिस तरह आप झूठ बोलते हो...' अमृतपाल की तलाश में जुटी पंजाब पुलिस फेक न्यूज को लेकर अलर्ट, वायरल हुआ ट्वीट
Punjab Police Tweet: खालिस्तानी नेता अमृतपाल सिंह को ढूंढने के लिए चलाए जा रहे तलाशी अभियान के बीच पंजाब पुलिस ने ट्विटर पर एक पोस्ट शेयर किया है। पोस्ट में लिखा है कि जिस तरह से आप झूठ बोलते हैं, वो हमें पसंद नहीं है।

Punjab Police Viral Tweet: इन दिनों पंजाब पुलिस खालिस्तानी नेता अमृतपाल सिंह को पकड़ने के लिए छापेमारी में जुटी हुई है। अमृतपाल लापता है, जबकि उसके साथी सलाखों के पीछे बंद हैं। अमृतपाल को पकड़ने की जुगत में भिड़ी पुलिस ने इंटरनेट सेवाओं को निलंबित करने के निर्देश जारी किए हैं और फेक न्यूज को लेकर भी पुलिस अलर्ट मोड पर आ गई है। इस बीच पंजाब पुलिस ने फर्जी खबरों के खिलाफ जागरूकता फैलाने के लिए एक मीम शेयर किया है, जो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।
पंजाब पुलिस के आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर ये पोस्ट शेयर किया गया है, जिसमें लिखा है कि 'जिस तरह से आप झूठ बोलते हैं, वो हमें पसंद नहीं है। सोशल मीडिया पर किसी भी तरह की खबर को शेयर करने से पहले दो बार जरूर सोचें।' इस पोस्ट को शेयर करते हुए पुलिस ने #FakeDiKahirNahi हैशटैग भी शेयर किया है।
पंजाब पुलिस का ये मीम ऐसे वक्त पर वायरल हुआ है, जब खालिस्तानी नेता को लेकर फर्जी खबरें और अफवाहें खूब चर्चा में हैं। पुलिस लगातार अमृतपाल सिंह को पकड़ने की कोशिश में जुटी हुई है। इस बीच सोशल मीडिया पर खबरें चलीं कि अमृतपाल सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है। हालांकि, कुछ खबरों में कहा गया कि वो फरार हो चुका है। इसी तरह की फेक न्यूज पर लगाम लगाने के लिए पंजाब पुलिस ने अपना ये ट्वीट शेयर किया।

बताते चलें कि आज एक प्रेस ब्रीफिंग के दौरान पंजाब पुलिस प्रमुख सुखचैन सिंह गिल ने भी कहा कि दुष्प्रचार फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने मीडिया को बताया कि पंजाब पूरी तरह से शांतिपूर्ण है और लोगों से अफवाहों और फर्जी खबरों पर भरोसा न करने का आग्रह किया। पुलिस ने शनिवार को तलाशी अभियान शुरू किया। पुलिस ने सिंह के संगठन के 78 सदस्यों को गिरफ्तार किया। इसके साथ ही पूछताछ के लिए हिरासत में भी लिया गया है।
इस बीच पंजाब में कई जगहों में सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी कर दी गई है। राज्य में रविवार दोपहर तक इंटरनेट सेवाएं भी निलंबित कर दी थीं। अमृतपाल सिंह के पैतृक गांव अमृतसर के जल्लूपुर खेड़ा गांव के पास सुरक्षा के भी कड़े इंतजाम कर दिए गए हैं। पुलिस ने इस बीच कई तरह के हथियार भी बरामद किए।












Click it and Unblock the Notifications