एक रुपये की कीमत तुम क्या जानो...बड़े काम की चीज है ये एक रुपये का सिक्का, खरीद सकते हैं इतनी सारी जरूरी चीजें
One Rupee Coin: ज्यादातर लोग कहते हैं कि एक रुपये में क्या ही मिलता है। लेकिन ऐसा नहीं है। ये एक रुपया आपको ठंड लगने से लेकर तरोताजगी महसूस कराने तक में मदद कर सकता है। चलिये जानते हैं कुछ ऐसी जरूरी चीजों के बारे में...

One Rupees products: दीपिका पादुकोण की ब्लॉकबस्टर फिल्म ओम शांति ओम का डायलॉग तो आपने सुना ही होगा 'एक चुटकी सिंदूर की कीमत तुम क्या जानो रमेश बाबू?' इसका जवाब अगर रमेश बाबू ने 'एक रुपया' दिया होता तो शायद वे कहीं भी गलत नहीं होते। अब रमेश बाबू तो एक रुपये की कीमत नहीं समझ सके, लेकिन हम आपको बताते हैं कि एक रुपया अपने आप में कितना कीमती है। आपने अकसर लोगों को कहते सुना होगा कि एक रुपये में क्या ही आता है। लेकिन एक रुपया बड़े काम की चीज है। जी हां! आप लिस्ट बनाते बनाते थक जाएंगे, एक रुपये में इतनी सारी चीजें आती हैं। मार्केट में आज भी एक रुपये में आप जिन जरूरी चीजों को खरीद सकते हैं, चलिये उनके बारे में जानते हैं।
बड़े काम का है ये एक रुपया
बड़े बुजुर्गों को आपने आपने अकसर कहते हुए सुना होगा कि हमारे जमाने में तो एक रुपये में ये मिलता था वो मिलता था। लेकिन अब आप भी उनसे कह सकते हैं कि इस जमाने में भी एक रुपये में काफी चीजें खरीदी जा सकती हैं। बेशक आज कहा जाता हो कि एक रुपये की कीमत क्या है, एक रुपये में भला क्या आएगा। लेकिन बात ऐसी नहीं है। एक रुपये में आज के जमाने में भी काफी कुछ खरीदा जा सकता है।

ये है एक चुटकी सिंदूर की कीमत
सबसे पहले बात करते हैं महेश बाबू के एक चुटकी सिंदूर की। एक रुपया लेकर अगर आप आज भी बाजार जाएं, तो सुहाग की निशानी माने जानी वाली बिंदी या फिर सिंदूर लेकर आ सकते हैं। भले ही एक चुटकी लाएं, मगर ला सकते हैं। चलिये महेश बाबू को तो अपना जवाब मिल गया। अब जानते हैं कि इसके अलावा आप एक रुपया जेब में रखकर क्या-क्या लेकर आ सकते हैं।
एक रुपये से गायब हो सकता है सिरदर्द
तेज सिर दर्द हो रहा हो और आपके पास सिर्फ एक रुपया हो, तो आप केमिस्ट के पास जाकर एक गोली तो खरीद ही सकते हैं। इस एक रुपये से आपको सिर दर्द से राहत मिल जाएगी। इसके आलावा बच्चों के लिए एक रुपये में दो या फिर एक कैंडी खरीदी जा सकती है। कैंडी के अलावा कुछ चॉकलेट्स भी बाजार में मौजूद हैं, जिनके लिए आपको मात्र एक रुपया ही देना होगा।
ठंड से निजात दिला सकता है एक रुपया
केंडी और सिरदर्द की दवा के अलावा बाजार जाकर आप माचिक की डिबिया भी लेकर आ सकते हैं। इसका मतलब एक रुपये में आप आग भी बड़े आराम से जला सकते हैं। इसके अलावा जेब में एक रुपया है तो आप दुकानदार से प्लास्टिक के कप या फिर गिलास भी ला सकते हैं। माउथ फ्रेशनर्स जैसे कि चुटकी या फिर पास-पास भी आप एक रुपया देकर खरीद सकते हैं।
एक रुपये से खरीद सकते हैं कॉफी
एक रबर, कैंडिल और हाजमोला की गोली का पैकेट भी एक रुपये में खरीदा जा सकता है। इसके अलावा बच्चों के लिए बाजार में एक रुपये वाली पैप्सी भी मिलती है। च्वींगम भी आप एक रुपये में बड़े आराम से खरीद सकते हैं। साथ ही अगर आपको वॉशिंग पाउडर चाहिए तो उसका एक छोटा सैशे भी एक रुपया देकर बड़े आराम से खरीदा जा सकता है। इतना ही नहीं, नींद आ रही हो और फ्रेशनेस लेनी हो तो कॉफी का एक छोटा सा सैशे भी एक रुपया देकर खरीदा जा सकता है।
सेफ्टी पिन्स से लेकर शैम्पू तक...
सेफ्टी पिन्स भी एक रुपये में खरीद सकते हैं। वहीं एक रुपये में आपको नहाने के शैम्पू का सैशे भी बड़े आराम से मिल जाएगा। एक रुपया देकर आप फोटोस्टेट की कॉपी भी बड़े आराम से ले सकते हैं। माउथफ्रैशनर चाहिए तो भी एक रुपये में बाजार से खरीद कर ला सकते हैं। अब अगर आपको कोई भी कहे कि एक रुपये में क्या ही आता है, तो ये लिस्ट लेकर उस शख्स के पास चले जाइयेगा कि एक रुपये में एक ही नहीं बल्कि जरूरत की कई चीजें आ सकती हैं।












Click it and Unblock the Notifications