ओडिशा के मशहूर कॉलेज के खाने में मिला मरा हुआ मेंढक, ट्विटर पर यूजर ने खोली मेस की पोल
ओडिशा का कलिंगा इंडस्ट्रियल टेक्नोलॉजी इंस्टीट्यूट उस वक्त चर्चा में आ गया, जब हॉस्टल के खाने में मरे हुए मेंढक की तस्वीर वायरल होने लगी। देखते ही देखते पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने लगा।
आरायंश नाम के यूजर ने ट्विटर पर मरे हुए मेंढक वाले खाने की तस्वीर शेयर की और बताया कि कैसे लोगों के साथ धोखा हो रहा है। मां-बाप लाखों रुपये खर्च कर अपने बच्चों का कॉलेज में एडमिशन करवाते हैं और इस तरह का खाना बच्चों को दिया जाता है।

शख्स ने आगे कहा कि इसके बाद हम चौंक जाते हैं कि आखिर क्यों भारत छोड़कर युवा विदेश में पढ़ाई करने के लिए जा रहा है। शख्स ने कहा कि ये केआईटी भुवनेश्वर है, जो देश के सभी इंजीनियरिंग कॉलेजों में 42 नंबर पर है। यहां कॉलेज के हॉस्टल में घटिया क्वालिटी का खाना परोसा जाता है। उसने आगे कहा कि हैरत की बात नहीं है कि विदेश में बच्चे पढ़ने के लिए जा रहे हैं।
ट्विटर यूजर ने खाने की तस्वीर भी शेयर की, जिसमें मरा हुआ मेंढक साफतौर पर नजर आ रहा था। खाने की तस्वीर देखने में बेहद घिनौनी लग रही थी। ट्विटर के इस अपडेट पर कॉलेज प्रशासन ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी। स्थिति से निपटते हुए उन्होंने मेस वर्कर्स की एक दिन की तनख्वाह काटने का फैसला किया।
देखें खाने में मरे हुए मेंढक का वीडियो...
प्रशासन के इस रवैये को लेकर भी शख्स ने ट्विटर पर अपनी प्रतिक्रिया दी और कहा कि अब इन्होंने इस गलती के लिए एक दिन का पैसा काटा। सोशल मीडिया पर नेटिजन्स इस पोस्ट पर अब जमकर रिएक्शन दे रहे हैं। एक यूजर ने इसे बकवास बताया। तो दूसरे ने लिखा कि इनका लाइसेंस ही जब्त हो जाना चाहिए। एक और ने कहा कि कैंटीन का खाना हर सरकारी कॉलेज में लगभग ऐसा ही है। लेकिन प्राइवेट कॉलेज फाइव स्टार जैसा खाना सर्व करते हैं।
एक ने कहा कि मुझे तो अपने कॉलेज के खाने में एक मरी हुई छिपकली मिली थी। उसके बाद पूरे सेमिस्टर तक मैंने अपने कॉलेज का खाना ही नहीं खाया था।











Click it and Unblock the Notifications