Video: सांप पकड़ने की सजा! केरल में शख्स को किंग कोबरा ने काटा, देखती रही भीड़
तिरुवनन्तपुरम, 01 फरवरी। सांप दुनिया के उन प्राणियों में आते हैं, जिनके काटने से दुनिया में सबसे अधिक इंसानों की मौत होती है। एक रिपोर्ट के मुताबिक दुनिया में हर साल करीब 81 हजार से 1.38 लाख लोग सांपों के काटे जाने के बाद अपनी जान गंवा देते हैं। हालांकि इन सब के बावजूद भी कुछ लोग अपनी जान की परवाह किए बगैर जहरीले सांपों से पंगा लेकर अपनी जिंदगी खतरे में डालते रहते हैं। ऐसा ही एक मामला केरल के कोट्टायम के सामने आया है, जहां अपने हाथों से कोबरा पकड़ रहे एक शख्स को सांप ने डस लिया।

सांप को अपने हाथों से पकड़ने की गलती
सोशल मीडिया पर इस भयानक घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसे देखने वाले लोग अब शख्स की जान के लिए दुआ मांग रहे हैं। मामला दरअसल, कोट्टायम जिले के कुरिचि गांव का है, जहां एक विशालकाय कोबरा देख लोगों में दहशत फैल गई। इसके बाद सांप को पकड़ने के लिए वावा सुरेश को बुलाया गया, जिनको वीडियो में कोबरा को पकड़े देखा जा सकता है। बताया जाता है कि वावा सुरेश सांप पकड़ने के एक्सपर्ट हैं, लेकिन घटना वाले दिन कुछ और ही होना लिखा था।

विचलित कर सकता है वीडियो
वायरल हो रहा वीडियो आपको विचलित भी कर सकता है, इसलिए क्लिप को अपनी जिम्मेदारी पर ही देखने की सलाह दी जाती है। वीडियो में देखा जा सकता है कि वावा सुरेश अपने हाथों में एक सांप को पकड़े दिखाए दे रहे हैं, जिसकी लंबाई करीब 5 फीट है। सुरेश ने सांप की पूंछ को पकड़ा हुआ है और उसके मुंह को बोरी में डालने की कोशिश कर रहे हैं। इस दौरान 50 से अधिक गांव के लोग उन्हें घेर कर तमाशा देख रहे हैं और कुछ वीडियो बना रहे हैं।

सांप ने किया जानलेवा हमला
इसी बीच अगले ही पल कुछ ऐसा हुआ जिसके बाद लोगों में भगदड़ मच गई। दरअसल, सांप को बोरी में डालने के दौरान सुरेश का ध्यान कई बार सांप के ऊपर से हट जाता है और इसी बीच कोबरा उनके पैर पर हमला कर देता है। बिजली सी रफ्तार में कोबरा सांप सुरेश की जांघ में अपने जहरीले दांत गड़ा देता है, ये देखकर आस-पास खड़े लोगों की चीख निकल जाती है। वहीं काटे जाने के बाद सुरेश के हाथ से सांप भी आजाद हो जाता है।

अस्पताल में कराया गया भर्ती
सांप को आजाद देख लोग भी बुरी तरह डर जाते हैं और इधर-उधर भागने लगते हैं। इस बीच सुरेश के बारे में कोई नहीं सोचता और उन्हें काफी समय बाद अस्पताल ले जाया गया। सुरेश को सांप ने इतनी जोर से काटा कि काफी देर तक उसका दांत उनके पैंट में ही फंसा रहा। वीडियो में देखा जा सकता है कि सुरेश बिना किसी सुरक्षा उपकरण के सांप को सिर्फ अपने हाथों से पकड़ रहे थे। सांप के काटने के बाद सुरेश को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।

वीडियो ने दी सीख
सोशल मीडिया पर अब ये भयानक वीडियो खूब वायरल हो रहा है और लोग इसे बार-बार देख रहे हैं। वहीं, ये वीडियो उन लोगों के लिए एक सीख भी है, जो सांप को अपने से कम समझकर लोगों के सामने स्टंट करने लगते हैं। सोशल मीडिया पर सुरेश के लिए लोग दुआ कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि जब उन्हें अस्पताल लाया गया तो वो बेहोश थे। फिलहाल उनकी हालत नाजुक है और ऐंटी वेनॉम (जहर रोधी) दवाएं उन्हें दी जा रही है।
यह भी पढ़ें: Watch Video: सीना तानकर मुर्गी ने किया कोबरा सांप का सामना, अंडों को बचाने के लिए लगा दी जान की बाजी












Click it and Unblock the Notifications