12 हजार रुपये में बिक रही पानी की ये बोतल, लोग पार्टियों में कर रहे आर्डर, जानें क्या है खासियत?
नई दिल्ली, 25 फरवरी: लाखों सालों से पृथ्वी पर पानी मुफ्त में बह रहा था। फिर कुछ कंपनियों ने इन्हें बोतल में बंद करके बेचना शुरू कर दिया। शुरू में लोगों को लगा था कि ये आइडिया फ्लॉप हो जाएगा, लेकिन इससे उन कंपनियों को जमकर मुनाफा हुआ। आज दुनियाभर में पैक्ड ड्रिंकिंग वॉटर (बोतल वाला पानी) की डिमांड काफी ज्यादा है। आमतौर पर भारत में ये 15-20 रुपये में एक बोतल मिल जाता है, लेकिन ब्रिटेन में अब एक खास पानी की बोतल 12 हजार से ज्यादा रुपये में बिक रही है।

बहुत सारी पानी की किस्मे
दरअसल ब्रिटेन की राजधानी लंदन के फुलहैम में एक दुकान खुली है, जिसका नाम Fine Liquids है। इसमें पानी बेचा जाता है और इसे 40 साल के बिजनेसमैन मिलिन पटेल चला रहे हैं। उन्होंने बताया कि उनके दुकान में बहुत सारी पानी की किस्मे मौजूद हैं। ये सब तो बोतल में बंद पानी ही हैं, लेकिन उनका मानना है कि सबका टेस्ट अलग है।

ग्लेशियर से लाते हैं पानी
उनकी दुकान पर सबसे ज्यादा महंगी पानी की बोतल 120 पाउंड की है। भारत के हिसाब से इसकी कीमत 12 हजार रुपये से ज्यादा है। पटेल के मुताबिक सबसे महंगी पानी की बोतल का नाम उन्होंने एप्सु रखा है। इस पानी को दक्षिण अमेरिका के पैटागोनिया ग्लेशियर से लाया जाता है, जिस वजह से ये पूरी तरह से प्राकृतिक है। बहुत से लोग इसको खरीदते भी हैं।

जर्मनी में भी बिकता है
मिलिन पटेल के मुताबिक वो पानी की हर वरायटी को अच्छे से पहचानते हैं। उनकी एक जर्मन शख्स से ऑनलाइन मुलाकात हुई थी, बाद में वो उनके बिजनेस पार्टनर बन गए। इस वजह से अब जर्मनी में भी उनका बिजनेस शुरू हो गया है। वहां पर वो इसी तरह पानी को बेचते हैं। उन्होंने बताया कि उनका फोकस पानी की क्वालिटी पर रहता है। इस वजह से वो ग्लेशियर, शुद्ध प्राकृतिक झरने से ही पानी कलेक्ट करते हैं।

पार्टी में मंगवाते हैं लोग
वैसे आमतौर पर लोग पानी को प्लास्टिक की बोतल में बेचते हैं, लेकिन मिलिन ने कांच की बोतल को चुना है। इससे पानी की शुद्धता बनी रहती है। अगर हम भारत की बात करें तो यहां लोग 20 रुपये की बोतल खरीदने में झिझकते हैं, लेकिन वहां इसकी बिक्री हो रही है। साथ ही लोग पार्टियों में भी ये बोतल मंगवा रहे हैं। मिलिन के मुताबिक उनके पानी में धात्विक गुण होते हैं, जिस वजह से वो काफी फायदेमंद है।












Click it and Unblock the Notifications