अपनी धुन में फोटो खिंचवा रहा था शख्स, गुस्सैल एल्क ने किया जबरदस्त हमला और फिर...
एस्टेस पार्क में हमेशा की तरह पर्यटक जानवरों को देखने आए हुए थे। लेकिन तभी एल्क ने एक शख्स पर हमला कर दिया।
हमारे लिए जानवर अकसर आकर्षण का केंद्र होते हैं। फिर चाहे बात जंगल की हो या फिर चिड़ियाघर की। अलग-अलग जानवरों को करीब से देखना अकसर लोगों को रोमांचक लगता है। लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि आपको रोमांचक लगने वाली इन चीजों का जानवरों पर कैसा असर होता होगा? जानवरों के इलाके में कोई घुस आए, ये उन्हें कतई बर्दाश्त नहीं होता। हर जानवर का अपना अलग इलाका होता है और उन्हें बिल्कुल नहीं पसंद होता कि कोई बाहरी जानवर या फिर इंसान उनके इलाके में किसी भी तरह की दखलअंदाजी करे। ऐसी ही गलती एक शख्स ने कर दी, जब वो भी औरों की तरह एल्क की तस्वीर लेने लगा। लेकिन एल्क को ये बिल्कुल भी पसंद नहीं आया और उसने हमला कर दिया।

गुस्सैल एल्क की तस्वीर ले रहा था शख्स
जानवर अकसर तभी हमला करते हैं, जब उन्हें दूसरी ओर से कोई खतरा महसूस होता है। मस्ती के चक्कर में इंसानों को भी अकसर बड़ा खामियाजा भुगतना पड़ जाता है। ठीक ऐसा ही एक शख्स के साथ हुआ, जो बड़े ही मजे से एक गुस्सैल एल्क की तस्वीर ले रहा था।

गुस्सैल एल्क के साथ ले रहा था फोटो
ये घटना एस्टेस पार्क की है, जहां हमेशा की तरह पर्यटक जानवरों को देखने आए हुए थे। पर्यटकों का ये वीडियो रिकॉर्ड किया जा रहा था, जिसमें एक शख्स एल्क को बार बार कुछ प्रतिक्रिया देने के लिए इशारे कर रहा था।

एल्क ने किया हमला
वीडियो बना रहे मेगन फोस्टर बताते हैं कि हम उससे दूर जाने की पहले ही कोशिश कर रहे थे क्योंकि हम जानते थे कि वो (शख्स) उनमें से एक को चिढ़ा कर ही मानेगा और फिर वो हमला कर देंगे।

परेशान लग रहा था जानवर
वो एल्क काफी परेशान लग रहा था। वीडियो में सांड का एक झुंड भी है, जो कैप्चर नहीं हुआ है। ये झुंड भी उस एल्क से दूर रहने की कोशिश कर रहा है। वो एल्क चारों ओर पेशाब कर रहा था और अपनी लार टपका रहा था। ऐसा करके वो अपने इलाके पर निशान बनाने की कोशिश कर रहा था।

शख्स को नहीं आई चोट
फोस्टर के मुताबिक, वीडियो में दिख रहा शख्स बिल्कुल ठीक है। वे कहते हैं कि मैं इस वीडियो को और नहीं देख सकता। जानवर ने उसपर हमला किया, ये देखकर बहुत दुख हुआ। जब हम निकले तो एक रेंजर इलाके में घूम रहा था। उसके बाद क्या हुआ, मुझे नहीं पता।

दिलचस्प होते हैं एल्क
रॉकी माउंटेन नेशनल पार्क से मिली जानकारी के मुताबिक, एल्क अपना ज्यादातर समय गर्मियों के वक्त पेड़ों की एक कतार के पास बिताते हैं। वहीं, पतझड़, सर्दी और वसंत में वे निचली ऊंचाई पर चले जाते हैं। उन्हें तब कभी भी देखा जा सकता है।












Click it and Unblock the Notifications