खाने में ड्राई फ्रूट्स, बैठने के लिए सोफा... बकरीद पर लखनऊ में बिकने पहुंचा लाखों का बकरा, इसके हैं खास अंदाज
Eid-al-Adha: ईद-उल-अजहा यानी कुर्बानी की ईद इस्लाम धर्म में विश्वास करने वाले लोगों के लिए एक प्रमुख त्यौहार है। इस त्यौहार में बकरे की कुर्बानी दी जाती है, इस वजह से लोग इसे बकरीद भी कहते हैं। इस साल बकरीद 17 जून को मनाया जाना है।
इस्लामिक कैलेंडर के अनुसार ईद-उल-अजहा साल के 12वें यानी आखिरी महीने जिलहिज्जा के चांद दिखने के बाद 10वीं तारीख को मनाई जाती है। बकरीद को लेकर तैयारियां जोड़ शोर से शुरू हो गई हैं।

इस तैयारी का सबसे अहम हिस्सा है कुर्बानी यानी की वो बकरा जिसकी कुर्बानी ईद-उल-अजहा पर दी जाएगी। बकरों के बाजार सज चुके हैं और लोग कुर्बानी के लिए बकरे खरीद रहे हैं।
पेट पर जन्म से लिखा हुआ है 'मोहम्मद'
इस साल उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के दुबग्गा इलाके में बकरों के लिए सजे बाजार में 10 लाख 786 रुपए का बकरा बिकने के लिए आया है। इस बकरे की खासियत ये है कि इसके पेट पर प्राकृतिक रूप से मोहम्मद लिखा हुआ है। साथ ही साथ इस बकरे का पालन-पोषण घर के एक सदस्य की तरह किया गया है। इसके खाने-पीने से लेकर उठने-बैठने तक हर चीज इसे दूसरे बकरों से खास बनाती है।
एनबीटी की एक रिपोर्ट के अनुसार इस बकरे को सुल्तानपुर से बेचने के लिए लाया गया है। इसके मालिक मोहम्मद शाकिर का कहना है, "मैं जिस बकरे को बेचने आया हूं उसको अल्लाह पाक ने अपने प्यारे महबूब का नाम ही इस बकरे में डाल रखा है। इसलिए हम इसको मोहम्मद नाम से पुकारते हैं। यह बकरा बचपन से ही हमारे साथ है पिछले साल भी हम इसे बेचने ले आए थे तब उसे इसकी कीमत 3 लाख लगाई गई थी मगर वजन में हल्का था इसलिए हमने बेचा नहीं इस साल यह बकरा तैयार है।"
10 लाख 786 रुपए का बकरा, नहीं बैठता है जमीन पर
शाकिर का कहना है कि बकरे की कीमत 10 लाख 786 रुपए है। साथ ही यह बकरा केवल चारपाई या फोल्डिंग पर ही बैठता है, जमीन पर नहीं बैठता है। बकरे के भोजन की बात करें तो इसे खाने के लिए चना, ड्राई फ्रूट्स के अलावा घर में बाकी लोगों के लिए बना खाना ही दिया जाता है।
लखनऊ के दुबग्गा इलाके के बकरा मंडी के संचालक अबरार खान का कहना है कि इस मंडी में यूपी के अलग-अलग जनपदों से लोग बकरा खरीदने और बेचने के लिए आते हैं। उन्होंने बताया कि इस साल बकरे की शुरुआती कीमत 10 से 12 हजार रुपए है जबकि सबसे महंगे बकरे की कीमत की कोई सीमा नहीं है।
एनबीटी की एक रिपोर्ट के अनुसार अबरार खान लगभग 15 सालों से इस मंडी का संचालन कर रहे हैं। इससे पहले बकरों की यह मंडी नींबू पार्क के पास लगाई जाती थी। वहां से हटने के बाद अब यह मंडी दुबग्गा में लगाई जाती है।
20-20 लाख रुपए तक में बिकते हैं बकरे
बता दें, इस मंडी में 20-20 लाख रुपए तक में बकरे बिकते हैं। 4 साल पहले इसी मंडी में 20 लाख 86 हजार रुपए का बकरा बिका था। इस साल की बात करें तो अब तक दो बकरे सबसे महंगे बिके हैं जिसमें से एक की कीमत 95 हजार जबकि दूसरे बकरे की कीमत 65 हजार रुपये थी।
यह भी देखें: Salman Khan से ईद में मिलने पहुंचे फैंस, पुलिस ने बरसाई लाठियां, फैंस बोले- 'इससे अच्छा मंदिर....'












Click it and Unblock the Notifications