अचानक से तट पर आ पहुंचे नीचे रंग के रहस्यमीय जीव, लोगों ने बताया 'समुद्री शैतान', बाद में पता चली सच्चाई
नई दिल्ली, 9 अक्टूबर: पृथ्वी का 71 प्रतिशत हिस्सा पानी से ढका हुआ है। जिसमें करोड़ों जलीय जीव रहते हैं। इनमें से चुनिंदा जीवों को ही आम जनता जानती है, बाकि के बारे में सिर्फ वैज्ञानिकों को ही पता। हाल ही में ब्रिटेन के वेल्श तट पर बड़ी संख्या में रहस्यमयी जीव दिखे, जो दिखने में अजीब तरह के लग रहे थे। कुछ लोग तो इन रहस्यमयी जीवों को समुद्री शैतान बताने लगे, लेकिन बाद में उनकी पूरी सच्चाई सामने आ गई।

रेत के बीच दिखे
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक बहुत से लोग ब्रिटेन के हॉर्टन बीच पर टहल रहे थे। इसी दौरान उनको एक नीले रंग की चीज दिखी, जो पानी के साथ बहकर आई थी। उसको नजरअंदाज करके लोग आगे बढ़े, तो उस रहस्यमयी चीज की संख्या बढ़ती गई। वहां पर मौजूद किसी भी शख्स ने उस तरह की चीज पहले कभी नहीं देखी थी। वहीं जब वो हिलना शुरू हुए तो डर के मारे लोग भाग खड़े हुए।

जांच में निकला जीव
बाद में पता चला कि वो नीली रहस्यमयी चीज एक तरह का जीव है। जिसे By-the-wind-sailor कहते हैं। इसके अलावा उसे वेलेल्ला नाम से भी जाना जाता है। अक्सर वो सितंबर और मार्च के बीच देखे जाते हैं। ये ज्यादातर दुनिया के महासागरों के गर्म पानी की सतह पर तैरते हुए पाए जाते हैं।

क्या है खासियत?
जीव वैज्ञानिकों के मुताबिक आमतौर पर वेलेल्ला सात सेंटीमीटर से कम लंबे होते हैं। साथ ही छूने पर हल्का डंक भी मार सकते हैं। ये बहुत ही हल्के होते हैं, जिस वजह से पानी की सतह पर रहते हैं और हवा की मदद से आगे बढ़ते हैं। वहीं ये अपने चुभने वाले जालों का इस्तेमाल छोटी मछलियों या छोटे जीवों के शिकार के लिए करते हैं।

जेलीफिश से हैं अलग
डॉग वॉकर बैरी गिल ने इन जीवों को देखा और उसकी फोटो ली। उन्होंने बताया कि ज्वार के पानी के साथ सैकड़ों की संख्या में वेलेल्ला समुद्र तट पर आ गए। वास्तव में वो देखने में बहुत ही सुंदर थे। उनके कुत्ते भी उसके पास गए, लेकिन उन्हें पता था कि वो डंक मारते हैं। जिस वजह से उन्होंने दूरी बनाए रखी। वहीं कुछ लोग इसे जेलीफिश मान रहे थे, जिस पर जीव वैज्ञानिकों ने साफ किया कि जेलीफिश और वेलेल्ला दोनों अलग-अलग जीव हैं।

अमेरिका में ऐसी घटना
15 अगस्त को अमेरिका के समुद्र तट पर एक रहस्यमयी घटना हुई, जहां हजारों की तादात में 'सैंड डॉलर' पहुंच गए। जिसको देखकर समुद्री विशेषज्ञ भी हैरान हैं। वैसे नाम से आपको सैंड डॉलर नोट लग रहा है, लेकिन ये एक समुद्री प्रजाति है। जिसे समुद्री कुकीज और स्नैपर बिस्किट नाम से भी जाना जाता है।












Click it and Unblock the Notifications