मानें या नहीं, स्पर्म की स्मगलिंग के आरोप में युवक गिरफ्तार
स्पर्म की स्मगलिंग के इस चौंकाने वाले मामले में पुलिस ने जिस शख्स को गिरफ्तार किया है उसकी पहचान निथिऑन श्रीथानियान के तौर पर हुई है।
नई दिल्ली। आपने सामान, दवा समेत दूसरी वस्तुओं की स्मगलिंग की बातें तो सुनी होंगी। क्या आपने कभी सुना है कि कोई शख्स स्पर्म की स्मगलिंग करता हो? मामला थाईलैंड का है जहां एक शख्स को वहां की पुलिस ने गिरफ्तार किया है। बॉर्डर पुलिस ने थाईलैंड में इस शख्स को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से स्पर्म भी बरामद किया गया है।
कस्टम चेकिंग के दौरान आरोपी को किया गया गिरफ्तार
स्पर्म की स्मगलिंग के इस चौंकाने वाले मामले में पुलिस ने जिस शख्स को गिरफ्तार किया है उसकी पहचान निथिऑन श्रीथानियान के तौर पर हुई है। आरोपी शख्स को कस्टम चेकिंग के दौरान नोंगखाई में गिरफ्तार किया गया। कस्टम अधिकारियों ने आरोपी के पास से नाइट्रोजन टैंक भी बरामद किया है। बीबीसी की रिपोर्ट के मुताबिक पूरे मामले पर पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार शख्स ने कबूल किया है कि उसके पास मौजूद शुक्राणु विएनतिएन की राजधानी लाओस के फर्टिलिटी क्लिनिक भेजने की योजना थी।
गिरफ्तार शख्स के बारे में पता चला है कि ये कोई पहली बार स्पर्म की स्मगलिंग नहीं कर रहा था। 25 साल के इस शख्स ने खुद कबूल किया है कि वह दर्जनों बार लाओस के उस क्लिनिक में स्पर्म लेकर गया है। इसके अलावा पिछले साल कंबोडिया के एक अस्पताल में भी वह 13 बार स्पर्म लेकर गया है। उसने बताया कि इस बेहद अजीब सी नौकरी में उसे हर ट्रिप के लिए करीब नौ हजार रुपये मिलते थे।
स्पर्म की स्मगलिंग के आरोप में भले ही इस शख्स को गिरफ्तार किया गया हो लेकिन जल्द ही जुर्माना भरकर ये शख्स बरी हो गया। वहीं उसके पास से बरामद स्पर्म और नाइट्रोजन टैंक को अस्पताल में जांच के लिए भेजा गया है। बता दें कि थाईलैंड ने तकनीक के आधार फर्टीलाइजेशन को बैन कर रखा है। यहां मानवीय स्पर्म के एक्सपोर्ट पर भी प्रतिबंध है। कंबोडिया में भी 2016 से इस तरह की गतिविधि में बैन है।
इसे भी पढ़ें:- ढाई करोड़ की स्मैक और लाखों रुपयों के साथ पकड़े गए चार तस्कर