सांप ने काटा तो युवक ने ऐसे लिए बदला, दोस्तों सहित पहुंच गया सलाखों के पीछे
तमिलनाडु में सांप के काटने पर युवक ने सांप का सिर काटकर लिया अपना बदला। मामले के संज्ञान में आने के बाद पुलिस ने 3 लोगों को गिरफ्तार किया।

तमिलनाडु के रानीपेट में सांप को पकड़कर, उसका सिर काटकर पूरी घटना को रिकॉर्ड करने के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
सोशल मीडिया के इस दौर में लोग वीडियो बनाने के लिए और पॉपुलैरिटी के लिए किसी भी हद को जाने को तैयार हैं। कोई बाइक स्टंट करता है तो कोई ऐसी भयानक और अजीब हरकतें कर देता है कि उसे जेल का रास्ता तय करना पड़ता है।
ताजा मामला तमिलनाडु के रानीपेट का है, जहां तीन पुरुषो ने एक सांप को पकड़कर उसका सिर काटकर अलग कर दिया। इस मामले को लेकर पर्यावरण कार्यकर्ता ने वन्यजीव अपराध नियंत्रण के तहत वन अधिकारियों को सूचित किया।
इस वीडियो में कैनूर निवासी तीनों आरोपी मोहन, सूर्या और संतोष एक सांप को पकड़े नजर आते हैं, जिसमें मोहन सांप को हाथ में लिए हुए कहता है कि इसने मुझे काटा है मै इसका बदला लू्ंगा। दोनों आरोपी सांप छोड़ने की बात कहते हैं। लेकिन, मोहन सांप का सिर धड़ से अलग कर देता है, जिसके बाद तीनों को हंसते हुए सुना जा सकता है।
इस मामले की जानकारी होने पर फॉरेस्ट रेंजर ने कार्रवाई करते हुए तीनों को वन्य जीव अपराध नियंत्रण के तहत गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही आरोपियों पर पशु क्रूरता और एक जंगली जीव की हत्या का आरोप लगाया है।
आखिर क्या कहता है वन्य जीव संरक्षण अधिनियम
भारत सरकार ने वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम 1972 को देश के वन्यजीवों की सुरक्षा और अवैध शिकार, तस्करी और अवैध व्यापार को नियंत्रित करने के उद्देश्य से पारित किया गया। इस अधिनियम के तहत जंगल में रहने वाले जानवरों के साथ दुर्व्यवहार करने पर प्रशासन द्वारा कठोर कार्रवाई की जा सकती है। साथ ही आरोपी को जेल और जुर्माना या दोनों ही भरना पड़ सकता है।












Click it and Unblock the Notifications