Bihar Politics: क्या आनंद मोहन का समीकरण बिगाड़ेंगे बाहुबली रामा सिंह, जानिए क्यों तेज़ हुई चर्चा
Bihar Politics, Rama Singh latest News: लोकसभा चुनाव के मद्देनज़र बिहार में सियासी समीकरण बदलते हुए नज़र आ रहे हैं। सियासी गलियारों में यह चर्चा है कि पूर्व सांसद बाहुबली आनंद मोहन का राजपूत वोट बैंक पर अच्छा दबदबा है। इन दिनों उनकी सीएम नीतीश से नज़दीकियां भी बढ़ी हैं, ऐसे में अगर वह जदयू में शामिल होते हैं तो राजपूतों का वोट काफी हद तक जदयू में कन्वर्ट हो सकता है।
आनंद मोहन का दबदबा देखते हुए अब लोक जनशक्ति पार्टी से सांसद रह चुके रामा सिंह को भी बिहार की सियासत में राजपूतों को वोट बैंक से जोड़कर देखा जा रहा है। रामा सिंह का भी राजपूत वोट बैंक में दबदबा काफी है। सूत्रों की मानें तो राजद ने आनंद मोहन के काट के लिए पहले ही अपने हथियार रामा सिंह के तौर पर मज़बूत कर लिये हैं।

सियासी गलियारों में यह चर्चा इसलिए तेज़ है कि रामा सिंह की पत्नी सुबह रामा महनार विधानसभा से राजद से विधायक हैं। वहीं रामा सिंह फिलहाल किसी पार्टी में नहीं हैं, लेकिन आनंद मोहन अगर जदयू में शामिल होते हैं तो राजद रामा सिंह को पार्टी में शामिल कर, उसके काट की रणनीति तैयार कर रही है।
ग़ौरतलब है कि रामा सिंह गुरुवार को पटना में ही शक्ति प्रदर्शन करने वाले हैं। पूर्व सांसद राम किशोर सिंह (रामा सिंह) पटना के मिलर स्कूल में रामा महासम्मेलन करने जा रहे हैं। वह इस सम्मेलन के ज़रिए बिहार में सियासी पार्टियों को जनता में अपनी पकड़ की झलक दिखाना चाहते हैं।
राजपूत समाज से आने वाले बाहुबली रामा सिंह ने बुधवार को प्रदेश के सभी ज़िलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने महासम्मेलन का रूट मैप तैयार किया। वहीं पूर्व सांसद रामा सिंह ने कहा कि लोकतंत्र में सभी लोगों को सम्मेलन करने का हक है।
सम्मेलन के ज़रिए समाज को इकट्ठा कर उनकी परेशानियों को सुनेंगे। जनता के अधिकारों को पूरा करने की कोशिश की जाएगी। रामा सिंह ने कहा कि 33 सालों से सियासी मैदान में हैं, चुनावी दांव खेलते आ रहे हैं। अपने साथियों और समाज के लोगों को हक दिलाएंगे। लोगों को मेरी ताक़त के बारे में पता है।












Click it and Unblock the Notifications