धीरेंद्र शास्त्री की पर्ची निकालने वाले डॉ. सिन्हा का बिहार से है ख़ास कनेक्शन, RJ नावेद को भी दी ये सलाह
Dr. Ashok Sinha News: बाबा धीरेंद्र शास्त्री और बॉलीवुड अभिनेता जॉन अब्राहम के बालों की पर्ची निकालने के बाद देश भर में डॉ. अशोक सिन्हा की चर्चा हो रही है। सब लोग जानना चाहते हैं कि आखिर डॉ. सिन्हा कौन हैं, जिन्होंने उस बाबा की पर्ची निकाल दी, जो दूसरों की पर्ची निकालते हैं। बॉलीवुड अभिनेता जिन्हें एक से एक बढ़कर एक एक्सपर्ट सलाह देते हैं, उन्हें डॉ. सिन्हा ने सलाह दे डाली। आइए बालों के एक्सपर्ट डॉ. सिन्हा के बारे में कुछ ख़ास जानते हैं।
5 जनवरी 1997 को बिहार के छोटे से कस्बे बिहार शरीफ़ में पैदा हुए अशोक कुमार सिन्हा के पिता का नाम हरिचरण प्रसाद है, जो कि हाई स्कूल में क्लर्क का काम करते थे, अब सेवानिवृत्त हो चुके हैं। उनकी माता का नाम सुनीता सिन्हा है, जो कि एक घरेलू महिला हैं।

बालों की समस्या के एक्सपर्ट डॉ. अशोक कुमार सिन्हा ने वन इंडिया हिंदी से ख़ास बातचीत में बताया कि उनकी प्रारंभिक शिक्षा बिहार शरीफ़ से ही हुई है। 10वीं कक्षा की पढ़ाई बड़ी पहाड़ी राष्ट्रीय उच्च विद्यालय से हुई। इसके बाद उन्होंने 12वीं की पढ़ाई ओरिएंटल कॉलेज, पटना सिटी से किया, फिर ग्रांट मेडिकल कॉलेज, मुंबई से साल 2007 में एमबीबीएस की डिग्री हासिल की।
डॉ. सिन्हा के बड़े भाई, अरुण कुमार सिन्हा, एक आईएएस अधिकारी हैं, जिन्होंने आईआईटी खड़गपुर से पढ़ाई की और लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स से एमबीए किया। उनके छोटे भाई आरईसी त्रिची से बी.टेक स्नातक हैं और ब्लॉक डेवलपमेंट ऑफिसर (बीडीओ) के रूप में कार्यरत हैं।
साल 2011 से उन्होंने रेगुलर बेस पर काम शुरू किया, बतौर ट्राइकोलॉजिस्ट और हेयर ट्रांसप्लांट सर्जन उन्हें 12 साल से ज़्यादा का तजुर्बा हो चुका है। हेयर ट्रांसप्लांट तकनीकों के एक्सपर्ट डॉक्टर्स की लिस्ट में उनका भी नाम शुमार किया जाता है। अभी तक उन्होंने 4,000 हेयर ट्रांसप्लांट किए हैं।
डॉ. सिन्हा का दावा है कि वह और उनकी टीम लॉन्ग हेयर (FUE, फॉलिक्युलर यूनिट एक्सट्रैक्शन) और डायरेक्ट नॉन-शेव्ड FUE करने वाली भारत की पहली टीम थी। ग़ौरतलब है कि दोनों ही हेयर रीस्टोरेशन की उन्नत तकनीकें हैं। हेयर ट्रांसप्लांट तकनीक में डॉ. सिन्हा के पास के अभिनव योगदान के लिए दो पेटेंट भी हैं।
मौजूदा वक्त में डॉ. अशोक कुमार सिन्हा फॉलिक्युलर टेक्नोलॉजीज प्राइवेट लिमिटेड और फ्लोरेट कंसल्टेंट प्राइवेट लिमिटेड के संस्थापक हैं। वह अनुसंधान और प्रौद्योगिकी के ज़रिए से ट्राइकोलॉजी के क्षेत्र को आगे बढ़ाने पर ज़ोर दे रहे हैं। एक ऐसी प्रणाली बनाने की सोच रहे हैं, जिसके ज़रिए दूरदराज इलाकों में बैठे लोग घर बैठे बेहतरीन हेयर ट्रीटमेंट कर बालों के झड़ने और गंजेपन की समस्या से निजात पा सके।
डॉ. सिन्हा ने बाबा बागेश्वर धीरेंद्र शास्त्री और बॉलीवुड अभिनेता जॉन अब्राहम के बालों का ज़िक्र करते हुए उनकी पर्ची बनाई थी और बालों की देख रेख के लिए सलाह भी दी थी। इसके बाद से ही वह सुर्खियों में छाए हुए हैं। वहीं अब आर जे नावेद को लेकर डॉ. सिन्हा ने हैरतअंगेज़ दावा किया है।
डॉ. सिन्हा ने कहा कि RJ नावेद लोगों का मुर्गा बनाने के लिए मशहूर हैं, लेकिन अब वह लोगों को बेवकूफ भी बना रहे हैं। खुद कई सालों से हेयर विग का इस्तेमाल कर रहे हैं और आ...सी तेल का प्रचार कर रहे हैं। कहते हैं कि इससे ढाई महीने में ढाई फ़ीट बाल बढ़ जाते हैं, खुद के बाल तो उगा नहीं पा रहे, लोगों को बेवकूफ बनाने के लिए प्रचार कर रहे हैं।
डॉ. सिन्हा ने कहा कि आरे नावेद की लोग इज़्ज़त करते हैं, लेकिन जनता ज़्यादा दिनों तक बेवकूफ बनाने पर चुप नहीं रहेगी, क्योंकि जिस तेल का प्रचार आप कर रहे हैं, वह आयुर्वेद के नाम पर सिर्फ मज़ाक है। नावेद को इस पूरे मामले सच्चाई बतानी चाहिए। इस तरह बिना सोचे समझे काम करने से जनता का आपके ऊपर से भरोसा उठ जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications