दो दिवसीय दौरे पर आज बिहार आएंगे उप राष्ट्रपति, दीक्षांत समारोह में लेंगे हिस्सा
पटना। देश के उप राष्ट्रपति एम.वेंकैया नायडू शनिवार की देर शाम को दो दिवसीय दौरे पर बिहार आ रहे हैं। इस दौरान सबसे पहले वे वायुसेना के विमान पटना एयरपोर्ट पहुंचेंगे और फिर वहां से राजभवन आएंगे, जहां वे विश्राम करेंगे। इसके बाद रविवार को वे मोतिहारी के पीपराकोठी और नालंदा का दौरा करेंगे। वे पीपराकोठी में कृषि विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में हिस्सा लेंगे। इस दौरान सीएम नीतीश कुमार भी मौजूद रहेंगे। साथ ही कृषि विज्ञान केन्द्र परिसर में पशु प्रजनन उत्कृष्टता केन्द्र का उपराष्ट्रपति उद्घाटन करेंगे। इस केन्द्र की स्थापना स्विटजरलैंड के सहयोग से किया गया है, जहां से किसानों को मवेशियों के नस्ल सुधार में सहयोग मिलेगा।

मोतिहारी के बाद उप राष्ट्रपति राजगीर स्थित नालंदा यूनिवर्सिटी में वे धर्म-धम्म विषय पर आयोजित तीन दिवसीय सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे। कार्यक्रम में राज्यपाल फागू चौहान और सीएम नीतीश कुमार के अलावा विदेश राज्यमंत्री मीनाक्षी लेखी सहित देश-विदेश के कई विद्वान और अन्य गणमान्य नागरिक शामिल होंगे। यहां के कार्यक्रम के बाद उप राष्ट्रपति पटना एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए रवाना होंगे।
बता दें कि सात नवंबर को मोतिहारी राजेन्द्र प्रसाद केन्द्रीय कृषि विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू उत्तीर्ण छात्रों को प्रमाण पत्र देंगे। इसके अलावा दीनदयाल उपाध्याय हार्टिकल्चर कॉलेज के नये भवनों का उद्घाटन करेंगे। साथ ही पशु प्रजनन उत्कृष्टता केंद्र का भी उद्घाटन करेंगे। इस मौके पर राज्यपाल फागू चौहान भी साथ रहेंगे।
उपराष्ट्रपति के आगमन को लेकर जिला प्रशासन और विश्वविद्यालय प्रशासन की तैयारी आखिरी पड़ाव पर है। वहीं पूर्वी चम्पारण के सांसद पूर्व केन्द्रीय कृषि मंत्री राधामोहन सिंह लगातार तैयारियों की मॉनिटरिंग कर रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications