जेडीयू-बीजेपी गठबंधन टूटने पर उपेंद्र कुशवाहा ने दी नीतीश को बधाई, कहा- देश आपका इंतजार कर रहा है
पटना, अगस्त 09। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बीजेपी के साथ गठबंधन तोड़ने का ऐलान कर दिया है। 5 साल तक बीजेपी के साथ मिलकर सरकार चलाने के बाद नीतीश कुमार एकबार फिर आरजेडी के साथ गठबंधन करने जा रहे हैं। ऐसे में उनके इस फैसले पर जेडीयू के संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा ने प्रतिक्रिया दी है। उपेंद्र कुशवाहा ने नीतीश कुमार को बधाई दी है और कहा है कि देश आपका इंतजार कर रहा है।

Recommended Video
पीएम की तैयारी कर रहे हैं नीतीश?
उपेंद्र कुशवाहा ने कहा है, "नये स्वरूप में नये गठबंधन के नेतृत्व की जवाबदेही के लिए श्री नीतीश कुमार जी को बधाई। नीतीश जी आगे बढ़िए। देश आपका इंतजार कर कर रहा है।'' आपको बता दें कि कुशवाहा के इस ट्वीट से कई और अटकलें लगना शुरू हो गई हैं। दरअसल, कुछ समय पहले तक यह माना जा रहा था कि नीतीश कुमार की राजनीति खत्म हो रही है और वो संन्यास ले लेंगे, लेकिन कुशवाहा के ट्वीट से लग रहा है कि वो विपक्ष की ओर से देश की राजनीति की ओर अपना कदम बढ़ा सकते हैं।
नीतीश ने नई सरकार बनाने का दावा पेश किया
इन सबके बीच नीतीश कुमार ने राज्यपाल को अपना इस्तीफा भी सौंप दिया है। साथ ही 160 विधायकों के समर्थन का समर्थन पत्र भी राज्यपाल को सौंप दिया है। नीतीश कुमार ने बिहार में पुरानी सरकार गिराने के साथ ही नई सरकार को बनाने का दावा पेश कर दिया है। नीतीश से पहले तेजस्वी यादव भी यह दावा कर चुके थे कि उनके पास 160 विधायकों का समर्थन है।












Click it and Unblock the Notifications