गिरिराज सिंह ने प्रियंका गांधी पर किया पलटवार, कहा- जिस पार्टी ने भगवा को आतंकवाद कहा वो क्या जानें उसका महत्व
मुजफ्फरपुर। बीते सोमवार को प्रियंका गांधी ने प्रेस कांफ्रेंस करते हुए सीएम योगी पर भगवा रंग को लेकर हमला बोला तो भाजपा के नेताओं ने भी पलटवार किया। इसी सिलसिले में केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने भी प्रियंका गांधी के बयान का जवाब देते हुए कहा कि जिस भगवा को कांग्रेस पार्टी ने आतंकवाद कहा, उसका अपमान किया, उस पार्टी के नेता भगवा के महत्व को क्या समझेंगे।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि भगवा भारतीय संस्कृति की पहचान है। सनातन को मानने वाले लोगों के साथ हमारे ऋषि-मुनि और संतों ने भगवा को आत्मसात किया है। भगवा समाज को दिशा और नेतृत्व देने का काम सदियों से कर रहा है। उसी परंपरा को मानने वाले संत योगी आदित्यनाथ आज यूपी का नेतृत्व कर रहे हैं। वहां वे विकास, सनातन परंपरा की रक्षा के साथ समाजिक समरसता कायम कर रहे हैं।
इसके अलावा केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने जदयू नेता प्रशांत किशोर का नाम लिए बिना कहा कि बिहार में एनडीए गठबंधन अटूट है। विधानसभा चुनाव में एनडीए में जदयू या भाजपा के बीच सीट शेयरिंग पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार या सांसद आरसीपी सिंह के बयान को छोड़कर किसी के बयान का नोटिस लेने की जरूरत नहीं है। वैसे सबको बोलने का अधिकार है। यही तो लोकतंत्र है।
यह भी पढ़ेंः भगवा कपड़ों पर प्रियंका के बयान पर योगी आदित्यनाथ के कार्यालय का पलटवार












Click it and Unblock the Notifications