ट्रिपल तलाक से पीड़ित बिहार की इस 'मरियम' ने कहा मैं तो करूंगी धर्म परिवर्तन
उत्तराखंड में एक मरियम परिस्थितियों के आगे बेशक बयान बदल लेती हो लेकिन समस्या अभी भी वही है 'तलाक' जो नहीं बदली। अब बिहार की मरियम को सुनिए जो तीन तलाक पर कह रही है कि वो अपना फैसला नहीं बदलेगी।
पटना। उत्तराखंड में एक मरियम परिस्थितियों के आगे बेशक बयान बदल लेती हो लेकिन समस्या अभी भी वही है 'तलाक' जो तीन बार कहा जाता है और महिला को बेसहारा छोड़ दिया जाता है। केवल एक ही मरियम नहीं है जो इस पीड़ा का शिकार है या फिर इस पीड़ा का इजहार कर रही है, बिहार में भी एक दूसरी मरियम है जो इजहार भी कर रही है और लंबे समय से सहती भी आ रही है और तो और यहां तक कह रही है कि माफी नहीं धर्म बदलकर दिखा दूंगी।

तीन तलाक को लेकर जहां पूरे देश में हंगामा मचा हुआ है वहीं राजनीतिक दल के नेताओं द्वारा भी इस मुद्दे को बड़ी जोर-शोर से उछाला जा रहा है। मामला भी जल्द थमता नजर नहीं आ रहा है। जब से तीन तलाक पर बहस छिड़ी है आए दिन तलाक के अजीबोगरीब मामले सुनने को मिल रहे हैं। कोई अपनी पत्नी को फोन पर तलाक दे देता है तो कोई न्यूज पेपर में विज्ञापन देकर। आज हम आपको बताने जा रहे हैं बिहार के सहरसा जिले की रहने वाली ऐसी ही एक मुस्लिम महिला के बारे में जिसे पति ने दहेज के लिए तीन बार तलाक कहते हुए घर से निकाल दिया।
महिला अपने पति के सामने रोती गिड़गिड़ाती रही लेकिन उसकी दर्दनाक कहानी किसी ने नहीं सुनी। मजबूरन महिला अपने दो बच्चों को लेकर कानून की शरण में पहुंची। लेकिन वहां भी उसे न्याय के बदले दर-दर की ठोकरें ही मिली। हालात ऐसे हो गए की महिला अपने दोनों बच्चों के साथ रास्ते पर आ गई है। पुलिस प्रशासन के द्वारा इस मामले में ठोस कार्रवाई नहीं करने को लेकर महिला ने जिले के एसपी से लिखित शिकायत करते हुए कहा कि अगर हमें न्याय नहीं मिला तो हम धर्म परिवर्तन कर लेंगे। वहीं महिला के आवेदन पर संज्ञान लेते हुए एसपी ने जिले के महिला थानाध्यक्ष को पति के खिलाफ मामला दर्ज करने और उसे तुरंत गिरफ्तार करने के आदेश दिए हैं।
जानकारी के मुताबिक ये मामला बिहार के सहरसा जिले का है, जहां वार्ड नंबर 15 की रहने वाली महिला मरियम कुछ महीने पहले दिसंबर में पति के दहेज की प्रताड़ना का शिकार हुई है। पति ने पहले मरियम के साथ मारपीट की और इसके बाद तीन बार तलाक करते हुए घर से बाहर निकाल दिया। पति के द्वारा इस तरह की हरकत करने के बाद महिला न्याय के लिए अपने दोनों छोटे-छोटे बच्चे को गोद में लिए दर-दर भटकती रही लेकिन कहीं भी उसे न्याय नहीं मिला। तब जाकर उसने जिले के एसपी से धर्म परिवर्तन की बात कही। जिसे सुनने के बाद महिला थाना को इस मामले में प्राथमिकी दर्ज करने का आदेश जारी किया गया। दर्ज प्राथमिकी के मुताबिक महिला ने अपने पति पर आरोप लगाते हुए कहा कि उसकी शादी साल 2008 में मुस्लिम रीति-रिवाज के मुताबिक बड़े ही धूमधाम से की गई थी। शादी के कुछ साल तक सब कुछ ठीक-ठाक रहा, जिसकी वजह से उसके दो बच्चे भी हैं।
लेकिन इसके बावजूद कुछ समय बाद मरियम के पति ने दूसरी शादी कर ली, जिसके बाद पेट पालने के लिए महिला अपने दोनों बच्चों को लेकर दूसरे के घर में काम करने को मजबूर हो गई। अब पति के खिलाफ लड़ाई लड़ने के लिए आला अधिकारियों के दरबार में चक्कर लगा रही है। वहीं अपने पति की इस हरकत के खिलाफ बीवी मरियम ने कहा कि हम ही एक अकेले नहीं हैं हमारे मुस्लिम समाज में कई हजार ऐसी मरियम हैं जो इस तीन तलाक की वजह से बर्बाद हो चुकी हैं। महिला ने यहां तक कहा कि अगर कड़ी कानूनी कार्रवाई नहीं की जाती है तो मैं अपना धर्म परिवर्तन करा लूंगी।












Click it and Unblock the Notifications