'Make in india, Made in India' का नारा लगाने वाले, अब 'INDIA' के नाम से डर क्यों रहे हैं- कांग्रेस
INDIA vs BHARAT को लेकर देश भर में सियासी पारा चढ़ा हुआ है। भाजपा नेता इसे धर्म से जोड़ कर बयान दे रहे हैं, वहीं कांग्रेस नेताओं का कहना है कि भाजपा देश के संविधान और इतिहास को मिटाने की कोशिश कर रही है। महागठबंधन नेताओं का कहना है कि भाजपा इतिहास में बापू की जगह नरेंद्र मोदी का इतिहास बनाने की कोशिश कर रही है।
वन इंडिया हिंदी से ख़ास बातचीत में बिहार कांग्रेस विधायक दल के नेता शकील अहमद खान ने भाजपा पर ज़ोरदार हमला बोला है। उन्होंने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार 'INDIA' गठबंधन के नाम से ही घबरा गई है। भाजपा नेता 'Make in india, Made in India' का नारा लगाते नहीं थकते थे। अब उन्हें 'INDIA' नाम से ही नफ़रत हो गई है।

धर्म की सियासत को हवा देने वाली भाजपा के पास कोई वीज़न नहीं है, देश में बेरोज़गारी और महंगाई चरम सीमा पर है। इस मुद्दे पर भाजपा के कोई भी नेता बात करने के लिए तैयार नहीं है। उनसे विकास के 3 उदाहरण गिनाने के लिए बोल दिया जाता है तो मंदिर-मस्जिद कर बातों को दूसरा रंग देने लग जाते हैं।
भाजपा सांसद गिरिराज सिंह नफरती बयानबाज़ी कर जनता को भ्रमित करते हैं, उनसे पूछा जाए कि केंद्रीय मंत्री होते हुए आपने अपने संसदीय क्षेत्र के विकास बतायें तो ख़ामोशी छा जाती है। वहीं धर्म के नाम पर सियासत कर ज़हर उगलते हैं। BJP मतलब भारत की झूठी पार्टी है।
झूठ बोलकर सत्ता में आई सरकार से जब सवाल पूछा जाता है तो ईडी और सीबीआई का डर दिखाकर ख़ामोश करने की कोशिश की जाती है। इसके बाद भी वह लोग कामयाब नहीं हो पाते हैं। महागठबंधन के नेता पर भाजपा आरोप लगाती रही लेकिन साबित नहीं कर पाई।
देश के जितने भ्रष्टाचारी नेता हैं, वह भाजपा में शामिल होते हैं और उनकी छवि साफ़ हो जाती है। देश की जनता यह जान चुकी है कि भाजपा के नेताओं ने उन्हें सिर्फ़ बांटने का काम किया है। समाज में जो लोग जो एक साथ उठते बैठते थे, उनमें नफ़रत भर दिया है। विकास के नाम पर चीज़ों के दाम को बढ़ाकर धार्मिक चश्मा पहना दिया जा रहा है। 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा को जनता इन सब ज़्यादती का जवाब देने जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications