गले में लटके असली सांप को नकली शंकर भगवान पर आया गुस्सा, कीर्तन के बीच में ही डंसा
बिहार के मधेपुरा जिले में कीर्तन के दौरान बड़ा हादसा हो गया, जहां शंकर भगवान का रोल अदा कर रहे एक शख्स को उसके गले में लटके जहरीले सांप ने काट लिया। जिससे कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई। घटना के बाद उसके साथ वाले ही उसका शव छोड़कर फरार हो गए।
जानकारी के मुताबिक मुरलीगंज दुर्गा स्थान मंदिर परिसर में अष्टयाम पर कीर्तन का आयोजन किया गया था। जिसमें 30 साल के युवक को शंकर भगवान की वेशभूषा में तैयार किया गया। वो गले में सांप भी डाले हुए था। कीतर्न के दौरान अचानक से सांप को गुस्सा आया और उसने उसे डंस लिया।

सांप डंसने की बात कलाकार ने मंडली वालों को बताई। जिसके बाद वो लोग अस्पताल की जगह झाड़-फूंक करवाने ले गए। वहां पर जब बात नहीं बनी, तो फिर उसे मुरलीगंज पीएचसी लाया गया। वहां पर डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार कर उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया।
पुलिस के मुताबिक जब शख्स की अस्पताल में मौत हुई, तो उसके साथी उसका शव छोड़कर फरार हो गए। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। फिर उसके घरवाले वहां पहुंचे।
खुर्दा गांव का था निवासी
मुरलीगंज थाना अध्यक्ष राजकिशोर मंडल के मुताबिक उनको खबर मिली कि कुछ लोग एक शव को अस्पताल के बेड पर छोड़कर भाग गए हैं। उनकी टीम तुरंत पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतक की पहचान खुर्दा गांव निवासी 30 वर्षीय मुकेश कुमार राम के रूप में हुई है।
लंबे वक्त से कर रहे थे अभिनय
स्थानीय लोगों के मुताबिक मुकेश कुमार काफी वक्त से कीर्तन में भगवान शिव का रोल कर रहे थे। वो आमतौर पर नकली की जगह असली सांप ही लपेटना पसंद करते थे, लेकिन इस बार सांप ने धोखा दे दिया और उन्हें डंस लिया।
कहां से मिला सांप?
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साथ ही ये भी पता लगाया जा रहा कि ये जहरीला सांप उन्हें कहां से मिला। जांच में दोषी पाए जाने पर कीर्तन मंडली पर भी कार्रवाई हो सकती है।












Click it and Unblock the Notifications