बिहारः भाभी को वोट डलवाने ले गई लड़की की पोलिंग सेंटर के पास मिली लाश
सिवान। बिहार के सिवान जिले के बसंतपुर थाना क्षेत्र के कुमकुमपुर पंचायत में संदिग्ध अवस्था में किशोरी की लाश मिलने से हड़कंप मच गया। बीते मंगलवार को लड़ी अपनी भाभी को मतदान करवाने के लिए बूथ पर लेकर गई थी। इस दौरान रास्ते में वह गायब हो गई और थोड़ी देर बाद उसका शव मतदान केंद्र से कुछ दूर झाड़ियों के बीच से बरामद किया गया। इसके बाद किशोरी के शव को लेकर परिजन सिवान-मलमलिया रोड पर बैठ गए, जिसके चलते यातायात बाधित हो गया और सड़क के दोनों तरफ गाड़ियों की लंबी लाइनें लग गईं।

वहीं सड़क जाम की खबर मिलते ही बसंतपुर थाना अध्यक्ष और भगवानपुर थाना अध्यक्ष मौके पर पहुंच गए। दोनों अधिकारी आक्रोशित लोगों को समझाने-बुझाने लगे लेकिन परिजन सड़क से जाम को हटाने के लिए तैयार नहीं हो रहे थे। परिजनों का आरोप है कि पुलिस इस पूरे मामले में ढिलाई बरत रही है और मामले को गंभीरता से नहीं ले रही है।
सूचना जारी करने तक सड़क पर आवागमन पूरी तरह बाधित था और पुलिस आक्रोशित परिजनों को समजाने के प्रयास में जुटी हुई थी। वहीं स्वजन वरीय पदाधिकारियों को बुलाकर मामले में संलिप्त अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे।
बता दें कि मंगलवार को चुनाव के वक्त कुमकुमपुर पंचायत की एक लड़की अपनी भाभी को साथ लेकर वोट दिलाने ले गई थी। मतदान कराने के दौरान वह लापता हो गई थी। खोजबीन के दौरान उसका शव कुछ ही घंटे बाद मतदान केंद्र से थोड़ी दूरी पर झाड़ी में बरामद किया गया।
शव मिलने के बाद तरह-तरह की बातें शुरू हो गईं। कुछ लोगों ने किशोरी के साथ दुष्कर्म की आशंका जताई है। वहीं पुलिस ने इस मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ भी कहने की बात कही।












Click it and Unblock the Notifications