सीवानः भतीजे ने चाचा को गोली मारकर उतारा मौत के घाट तो गांव वालों ने आरोपित को मार डाला
सीवान। बिहार के सीवान जिले के आंदर थाना क्षेत्र के कुसहारा मीरपुर गांव में आपसी विवाद के चलते डबल मर्डर का मामला प्रकाश में आया है। वहीं इस खूनी संघर्ष में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों मृतक आपस में चाचा-भतीजा हैं। वहीं हत्या की इस घटना से तनाव का माहौल गांव में बना हुआ है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक पुराने विवाद के चलते चाचा को भतीजे ने मौत के घाट उतार दिया। वहीं आरोपित का एक भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। इस घटना से गुस्साए लोगों ने भतीजे को भी पीट-पीटकर मार दिया। मृतक चाचा-भतीजा मीरपुर गांव के रहने वाले थे।

मृतकों की पहचान सत्यदेव साह और ओमप्रकाश गोड़ के रूप में हुई है। वहीं उपेंद्र गोड़ गंभीर रूप से घायल हो गया। सत्यदेव साह की मौत गोली लगने से हुई तो वहीं गोली मारने वाले ओमप्रकाश गोड़ को लोगों ने पीट-पीटकर मार दिया। बताया जा रहा है कि उपेंद्र और ओमप्रकाश के बीच पैसे की लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा था। गुरुवार को दोनों चचेरे भाई आपस में लड़ रहे थे तभी सत्यदेव साह जो ओमप्रकाश गोड़ के चाचा हैं वो बीच-बचाव करने आ गए।
इसके बाद ओमप्रकाश गोड़ ने चाचा सत्यदेव साह को गोली मार दी। जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने ओमप्रकाश गोड़ को पकड़ लिया और पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया। इस घटना से गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है जिसको देखते हुए पुलिस घटनास्थल पहुंच मामले की जांच में जुटी हुई है।
इस मामले में सीवान एसपी अभिनव कुमार ने बताया कि इस तरह का मामला संज्ञान में आया है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है कि आखिर घटना के कारण क्या हैं। सभी पहलुओं से पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है।












Click it and Unblock the Notifications