सीतामढ़ीः शहर के मशहूर डॉक्टर पर अंधाधुंध फायरिंग, नर्स की मौके पर हो गई मौत
सीतामढ़ी। बिहार में इन दिनों अपराधी बेखौफ हत्या जैसी वारदात को अंजाम दे रहे हैं। ताजा मामला प्रदेश के सीतामढ़ी जिले का है, जहां शहर के जाने-माने डॉक्टर शिवशंकर महतो पर बदमाशों ने अंधाधुंध फायरिंग कर दी। डॉक्टर शिवशंकर महतो देर रात बारह बजे अपने नये क्लिनिक से पुरानी क्लिनिक में लौटकर गाड़ी से उतर ही रहे थे कि पहले से घात लगाए बदमाशों ने अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान डॉक्टर की दूसरी पत्नी और एक नर्स भी साथ थी। लेकिन गोली डॉक्टर और नर्स को लगी, जिसके चलते मौके पर ही नर्स ने दम तोड़ दिया।

वहीं डॉक्टर शिवशंकर महतो जिंदगी और मौत के बीच झूल रहे हैं। एक निजी क्लिनिक में उनका इलाज चल रहा है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। क्लिनिक में मौजूद कंपाउंडर के मुताबिक अपराधी चार से पांच की संख्या में थे और सब हथियारों से लैस थे। अस्पताल के स्टाफ ने बताया कि गोली की आवाज सुनकर दहशत में उन्होंने कमरे में खुद को बंद कर लिया।
पूरे क्लिनिक में खून के धब्बों से वारदात की भयावहता स्पष्ट रूप से नजर आ रही थी। वहीं घटना की सूचना मिलने के बाद घटनास्थल पर पहुंचे एसपी हरकिशोर राय मामले की जांच में जुट गए हैं। उन्होंने बताया कि प्रथम दृष्ट्या वारदात का कारण पारिवारिक विवाद हो सकता है। क्योंकि डॉक्टर ने दो शादियां की हैं, जिसका विवाद अभी भी चल रहा है।
इस मामले में एक व्यक्ति को शक के आधार पर हिरासत में भी लिया गया है। उधर, डॉक्टर बिरादरी में भी घटना को लेकर आक्रोश देखा गया और आइएमए ने वारदात को लेकर बुधवार को सभी निजी क्लिनिक बंद रखने का निर्णय लिया है।












Click it and Unblock the Notifications