Sitamarhi News: बिहार में बहन-बेटी अब भगवान भरोसे, नीतीश राज में मासूमों की हत्याएं आम- परवेज़ सिद्दीकी
Sitamarhi News: बिहार के सीतामढ़ी ज़िले में एक दिल दहला देने वाली घटना ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया है। नानपुर थाना क्षेत्र के चटगौड़ा गांव में 11 वर्षीय एक अल्पसंख्यक बच्ची के साथ कथित तौर पर सामूहिक दुष्कर्म के बाद उसकी बेरहमी से हत्या कर दी गई। आरोप है कि 4 से 5 दरिंदों ने बच्ची के साथ गैंगरेप किया और फिर उसके हाथ-पैर और गर्दन तोड़कर निर्मम हत्या कर दी।
कांग्रेस ने दिलाया न्याय का भरोसा: घटना के बाद राज्यभर में आक्रोश का माहौल है, और इसी कड़ी में कांग्रेस पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने चटगौड़ा गांव पहुंचकर पीड़ित परिवार से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व वरिष्ठ कांग्रेस नेता, इस्लामिक स्कॉलर और मदरसा आधुनिकीकरण शिक्षा के चेयरमैन हाजी मोहम्मद परवेज़ सिद्दीकी ने किया।

परवेज़ ने परिजनों से मिलकर गहरी संवेदना व्यक्त की और कहा कि कांग्रेस पार्टी इस अन्याय के खिलाफ अंतिम सांस तक लड़ेगी। इस सरकार में दलित और अल्पसंख्यक दोनों असुरक्षित हैं। अपराधियों को खुली छूट मिल चुकी है और प्रशासन मूकदर्शक बना हुआ है। बिहार में बहन-बेटी अब भगवान भरोसे है, नीतीश राज में मासूमों की हत्याएं आम हो गई हैं।
तत्काल और निष्पक्ष कार्रवाई की मांग: इस मामले को लेकर उन्होंने बिहार के पुलिस महानिदेशक (DGP) विनय कुमार से फ़ोन पर बात की, तत्काल और निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की। डीजीपी ने पीड़ित परिवार को हरसंभव न्याय और सहयोग का आश्वासन दिया है।
कांग्रेस की सरकार से मांगें:
कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने सरकार के समक्ष निम्नलिखित पांच प्रमुख मांगें रखीं:
₹50 लाख रुपये का मुआवजा पीड़ित परिवार को तत्काल दिया जाए।
स्थायी आवास की व्यवस्था पीड़ित परिवार को उपलब्ध कराई जाए।
दोषियों को फांसी की सजा दी जाए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों।
पीड़ित परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी प्रदान की जाए।
परिवार को सुरक्षा प्रदान की जाए ताकि वे किसी दबाव में न रहें।
आंदोलन की चेतावनी: हाजी सिद्दिकी ने स्पष्ट तौर पर कहा कि अगर राज्य सरकार ने इस मामले में जल्द कार्रवाई नहीं की, तो कांग्रेस पार्टी चरणबद्ध जन आंदोलन शुरू करेगी। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ एक बच्ची की लड़ाई नहीं है, बल्कि पूरे समाज की सुरक्षा और अस्मिता का सवाल है।












Click it and Unblock the Notifications