शेखपुराः घर में घुसकर बदमाशों ने परिजनों को पीटा, हथौड़े से पीट-पीटकर बेटे को मार डाला
शेखपुरा। बिहार के शेखपुरा जिले के बरबीघा थाना क्षेत्र के सकलदेव नगर में अज्ञात अपराधियों ने घर में घुसकर पूरे परिवार की बेरहमी के साथ मारपीट की, जिसमें एक 25 वर्षीय युवक की मौत हो गई। अपराधियों ने विनय सिंह के घर में घुसकर हथौड़े से पीट-पीटकर उनके बेटे हर्ष कुमार की हत्या कर दी। वहीं विनय सिंह और उनकी पत्नी राधिका देवी की हालत गंभीर बनी हुई है। चिकित्सकों ने उनकी हालत को देखते हुए पटना रेफर कर दिया है। रविवार व सोमवार के बीच की रात तो अपराधियों ने विनय सिंह के घर में घुसकर घटना को अंजाम दिया है। वहीं इस दौरान विनय कुमार सिंह की बेटी खुशबू कुमारी किसी तरह अपनी जान बचाकर घर से भागी और थाने पहुंचकर पुलिस को जानकारी दी।

पुलिस तुरंत कार्रवाई करते हुए घटनास्थल पर पहुंची। हालांकि पुलिस के पहुंचने से पूर्व अपराधी फरार हो चुके थे। अपराधियों ने हर्ष के सिर पर हथौड़े से वार कर उसकी हत्या कर दी। स्थानीय लोगों ने आनन-फानन सभी को अस्पताल पहुंचाया। हर्ष की अस्पताल पहुंचने से पहले ही मौत हो गई थी। हर्ष की मां राधिका देवी और विनय सिंह को बरबीघा रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दोनों की स्थिति गंभीर देख पटना रेफर कर दिया गया है।
पुलिस के मुताबिक अपराधियों ने जान मारने के इरादे से घर में घुसकर बेरहमी से सभी के सिर पर वजनदार चीजों से प्रहार किया है। फिलहाल, फर्द बयान और जांच के बाद ही पता चल पाएगा कि इस घटना को अंजाम दुश्मनी की वजह से या फिर लूटपाट की वजह से दिया गया है। उन्होंने बताया कि विनय सिंह की बेटी खुशबू ने भागकर किसी तरह अपनी जान बचाई है। फिलहाल उसका मानसिक संतुलन ठीक नहीं है। वह कुछ भी बताने में असमर्थ है। पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुटी है।












Click it and Unblock the Notifications