बिहारः MLC के चुनाव में निर्विरोध चुने जाएंगे शाहनवाज हुसैन और मुकेश सहनी, जानें कारण
पटना। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता शाहनवाज हुसैन और विकासशील इंसान पार्टी के अध्यक्ष व बिहार सरकार के मंत्री मुकेश सहनी बिहार विधान परिषद में निर्विरोध चुने जाएंगे। सोमवार को 2 बजे तक एमएलसी की दो सीटों के लिए नामांकन का वक्त था लेकिन इन दोनों नेताओं के अलावा किसी भी पार्टी के प्रत्याशी ने पर्चा दाखिल नहीं किया और न ही किसी निर्दलीय नेता ने पर्चा भरा। मंगलवार को दोनों के नामांकन पर्चे की स्क्रूटनी के बाद इनके चुने जाने की औपचारिक घोषणा होगी।

Recommended Video
एनडीए के पास बहुमत 122 से 3 सीटें ज्यादा होने के चलते विपक्ष ने प्रत्याशी नहीं उतारा। सोमवार को सीएम नीतीश कुमार खुद दोनों नेताओं का पर्चा दाखिल कराने के लिए पहुंचे थे। नामांकन दाखिल करने के बाद शाहनवाज हुसैन और सीएम नतीश कुमार एक साथ बाहर निकले। उन्होंने कहा कि सीएम नीतीश कुमार के साथ काम करने का लंबा अनुभव रहा है। उम्मीदवार बनाए जाने पर पार्टी और सीएम नीतीश को धन्यवाद देता हूं।
शाहनवाज हुसैन ने यह भी कहा कि मैं बिहार के लिए हमेशा से काम करता रहा हूं। यहां से बाहर कहीं गया ही नहीं हूं। एनडीए की पूरी टीम अलग-अलग दायित्व निभाती है। यह टीम वर्क है, सभी लोग मिलकर काम करते हैं। कई लोग जो सीएम नीतीश कुमार के साथ मंत्री थे, अब सांसद के तौर पर काम कर रहे हैं।

वहीं नामांकन के बाद मुकेश सहनी ने कहा कि नाराजगी की कोई बात नहीं है। मुझे जैसे ही सूचना मिली, इसके बाद मैंने अमित शाह, नीतीश कुमार, जेपी नड्डा और एनडीए के सभी नेताओं को धन्यवाद दिया। पांच साल सरकार चलनेवाली है, हमलोग मिलकर काम करेंगे। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में काम करने का मौका मिला है। बहुत कुछ सीखने को मिल रहा है।

वहीं कैबिनेट विस्तार को लेकर सीएम नीतीश कुमार से सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि अब जल्द ही मंत्रिमंडल का विस्तार हो जाएगा। बता दें कि सीएम के अलावा डिप्टी सीएम तारकेश्वर प्रसाद और रेणु देवी, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय जायसवाल और मंगल पांडेय और जदयू नेता विजय चौधरी भी नामांकन के दौरान मौजूद रहें।
इसके अलावा शाहनवाज हुसैन के नामांकन के दौरान सुशील कुमार मोदी भी पहुंचे थे। लेकिन, कुछ ही देर बाद वो चले गए। भाजपा के राज्यसभा सांसद सुशील मोदी ने कहा कि शाहनवाज हुसैन के विधान परिषद में आने से एनडीए को मजबूती मिलेगी। मेरी जगह शाहनवाज हुसैन पार्टी की बात को मजबूती से रखेंगे। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि सीमांचल में भाजपा की ताकत बढ़ेगी, पार्टी और भी मजबूत होगी।












Click it and Unblock the Notifications