फर्जी IPS बनकर युवक ने महिला के साथ बनाए शारीरिक संबंध, शादी से किया इनकार तो हुआ खुलासा
समस्तीपुर। बिहार के समस्तीपुर जिले में हैरान कर देने वाला मामला प्रकाश में आया है, जहां पुलिस ने एक फर्जी आईपीएस अफसर को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए युवक की पहचान दरभंगा जिले के अविनाश कुमार मिश्रा के रूप में की गई है। एक महिला की शिकायत के बाद नकली आईपीएस अधिकारी बनकर लोगों को ठगने वाले युवक को गिरफ्तार किया गया। महिला ने खुद को युवक की प्रेमिका बताते हुए मामले की जानकारी पुलिस को दी।

शिकायतकर्ता महिला के मुताबिक युवक ने खुद को आईपीएस ऑफिसर बताकर पहले तो प्रेमजाल में फंसाया और फिर शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध भी बनाए। लेकिन काफी समय बीत जाने के बाद भी जब वह शादी से मुकरता रहा तो महिला ने युवक के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज करवायी।
शिकायत मिलने के बाद समस्तीपुर के पुलिस अधीक्षक मानवजीत सिंह ढिल्लो के निर्देश पर डीएसपी शहबान हबीब फाखरी के नेतृत्व में पुलिस की टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने छापेमारी कर नकली आईपीएस ऑफिसर को धर दबोचा। डीएसपी ने बताया कि गिरफ्तार युवक के पास से पुलिस ने आईपीएस की नकली वर्दी, एक विदेश रिवॉल्वर, आधा दर्जन जिंदा कारतूस, लैपटॉप और मोबाइल बरामद किया है।
पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया कि आरोपित अविनाश इससे पहले भी नकली आईपीएस बनकर लोगों को बेवकूफ बनाता रहा है। पुलिस के मुताबिक नकली आईपीएस बनने के मामले में आरोपित अविनाश कुमार मिश्रा पहले भी दरभंगा में गिरफ्तार हो चुका है। आरोपित अविनाश के ऊपर दरभंगा के एपीएम थाने में फर्जी आईपीएस का मामला दर्ज है और उस मामले में वह जेल भी गया है। पीड़ित महिला के मुताबिक आरोपित अविनाश अपना नाम अमन पराशर बताता था। सबके बीच वह इस तरह से पेश आता था कि जिससे सभी को लगता था कि वह सच में आईपीएस ऑफिसर है। आरोपी युवक UPSC क्लियर कर अधिकारी बन चुके लोगों के संपर्क में रहता था ताकि उसपर किसी को शक न हो।












Click it and Unblock the Notifications