बिहारः घर में घुसकर भाई को मारी गोली फिर शादीशुदा बहन को सरेआम उठाकर ले गए बदमाश
सहरसा। बिहार के सहरसा जिले में अपराधियों का तांडव देखने को मिला। मंगलवार की देर रात अपराधियों ने फिल्मी स्टाइल में गोलीबारी करते हुये लड़की के भाई को गोली मारकर गंभीर रूप से जख्मी किया और जबरन घर से लड़की को उठा कर फरार हो गए। घटना के बाद मोहल्ले में दहशत फैल गई। वहीं घटना की सूचना के बाद पहुंची पुलिस तफ़्तीश में जुटी हुई है।

दरअसल, मामला सदर थाना के कृष्णानगर वार्ड नं 22 की है जब देर रात लड़की का परिवार गहरी नींद में सो रहा था। उसी समय अभियुक्त घर में घुस गया। फिर आहट सुन परिवार के लोग जग गये और उक्त अभियुक्त को पकड़ लिया। इसके बाद फिर उक्त अभियुक्त ने अपने गुर्गे को कॉल कर बुला लिया और घर में तांडव मचाना शुरू कर दिया।
दर्जनों राउंड गोली चलाते हुए मोहल्ले में दहशत फैलाई और लड़की के भाई को गोली मार जख्मी कर दिया। इसके बाद लड़की को घसीटते हुये जबरन लेकर फरार हो गए। इस बाबत जख्मी युवक ऋतिक रौशन एवं पिता छोटेलाल ठाकुर की मानें तो बटराहा निवासी युवक देर रात घर में घुसा, जिसकी आहट पर घर के लोग जग गये और उक्त युवक को बंधक बना लिया।
इस बीच बड़ी संख्यां में पहुंचे लोगों ने घर पर गोलीबारी करते हुए उसे गोली मारकर लड़की को जबरन लेकर फरार हो गए। वहीं मोहल्ले के झमेली साह की मानें देर रात 20 से 25 की संख्या में आये लोगों ने यहां जमकर गोलीबारी की, जिससे हम लोग काफी दहशत में हैं।
वहीं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी संतोष कुमार की मानें तो घटना देर रात की है, जब देवाशीष शर्मा नामक युवक घर में घुसकर मनीषा से मिलने गया था, जिसकी शादी तीन महीने पूर्व हो चुकी थी। इस दौरान परिजनों ने उसे बंधक बना लिया था।
इधर अभियुक्त ने अपने गुर्गे को फोन कर बुलाया, जो पीड़ित परिवार पर गोलीबारी कर लड़की के भाई को जख्मी किया और लड़की को लेकर फरार हो गया। पुलिस ने घटनास्थल से गोली का खाली खोखा भी बरामद किया है। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि यह एक गंभीर अपराध है। पुलिस इसे गंभीरता से लेते हुये कार्रवाई शुरू कर दी है।












Click it and Unblock the Notifications