‘RJD में अपमान, NDA में सम्मान’ विधानसभा चुनाव से पहले राजद को लग सकता है झटका, क्या पाला बदलेंगे जगदानंद सिंह
RJD State President Offer From NDA: बिहार में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले संभावनाओं की सियासत पर चर्चा तेज़ हो चुकी है। पक्ष-विपक्ष के नेता चुनावी ज़मीन मज़बूत करने में जुट गए हैं। इसी क्रम में राष्ट्रीय जनता दल (RJD) की कार्यकारिणी की बैठक हुई।
राजद की बैठक में प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह पहली पंक्ति से गायब थे। एनडीए नेताओं ने इसे जगदानंद सिंह का अपमान बताते हुए राजद पर निशाना साधना शुरू कर दिया है। वहीं राजद प्रदेश अध्यक्ष के पाला बदलने को लेकर भी चर्चा तेज़ हो गई है।

NDA नेता और नीतीश सरकार के श्रम संसाधन मंत्री संतोष कुमार सिंह ने जगदानंद सिंह को पाला बदलने का ऑफर तक दे दिया। संतोष सिंह ने कहा कि, 'जगदानंद सिंह को विकसित भारत की सोच अपनानी चाहिए। अगर वे एनडीए में आते हैं तो उनका स्वागत है।
वे हमारे चाचा हैं, मेरी सलाह है कि अपनी प्रतिष्ठा और समाज का सम्मान बनाए रखें। संतोष सिंह ने सुझाव दिया कि जगदानंद सिंह को बेहतर पहचान के लिए एनडीए में शामिल होने पर विचार करना चाहिए। उन्होंने कहा कि जगदानंद सिंह को अब आरजेडी में उचित महत्व नहीं मिल रहा है।
संतोष सिंह ने कहा, अब उन्हें आरजेडी में महत्व नहीं दिया जा रहा है। उन्हें कार्यकारिणी की बैठक में भी अग्रिम पंक्ति में जगह नहीं मिली। मैं उनसे अनुरोध करता हूं कि वे आरजेडी छोड़कर एनडीए में शामिल हो जाएं, क्योंकि आरजेडी में उन्हें सम्मान नहीं मिलेगा।
संतोष सिंह ने जगदानंद सिंह की तेजस्वी यादव और लालू परिवार के प्रति वफादारी पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि तेजस्वी यादव अब नए सहयोगियों की तलाश में जगदानंद सिंह को नजरअंदाज कर रहे हैं। संतोष सिंह ने कहा, जगदानंद सिंह ने लालू परिवार के प्रति पूरी वफादारी दिखाई, लेकिन तेजस्वी यादव यह सब भूल गए हैं।
आरजेडी के भीतर चल रहे घटनाक्रम से पता चलता है कि स्थिति बदल रही है क्योंकि तेजस्वी यादव लालू प्रसाद यादव के साथ मिलकर अधिक अधिकार प्राप्त कर रहे हैं। यह बदलाव बिहार के राजनीतिक परिदृश्य में चल रही राजनीतिक चालबाजी को दर्शाता है।












Click it and Unblock the Notifications