राजद विधायक ने चाय में मिले कीड़े को बताया नीतीश सरकार की साजिश, सर्किट हाउस के मैनेजर-वेटर हिरासत में
हाजीपुर, 13 दिसंबर। बिहार के हाजीपुर के सरकारी सर्किट हाउस में राजद विधायक को चाय परोसी गई। अभी विधायक ने चाय पीनी शुरू ही की थी कि प्याली में उनको कीड़े दिख गए। इस पर राजद विधायक इतना भड़के कि मामला पुलिस तक पहुंच गया। पुलिस ने आकर चाय की प्याली की जांच की फिर किचन का निरीक्षण किया। सर्किट हाउस के मैनेजर और चाय परोसने वाले वेटर को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। इधर, राजद विधायक ने मीडिया को बुलाकर चाय में कीड़े मिलने की खबर दी और कहा कि इसके पीछे नीतीश सरकार की साजिश हो सकती है।

मामला हाजीपुर सर्किट हाउस का है जहां महुआ से राजद विधायक मुकेश रोशन पहुंचे थे। विधायक हाजीपुर में किसी कार्यक्रम के सिलसिले में आए थे। कार्यक्रम में जाने से पहले वे चाय की तलब लेकर सर्किट हाउस आए। उनके लिए वेटर चाय लेकर आया। विधायक ने कुछ घूंट पीने के बाद देखा कि चाय में तो कीड़े हैं। इस पर वे गुस्सा हो गए और मैनेजर समेत कर्मचारियों को फटकार लगाने लगे। इस दौरान राजद विधायक ने मीडिया और पुलिस को भी मौके पर बुला लिया। भड़के विधायक को देख पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया। पहले प्याली की जांच की और उसके बाद सर्किट हाउस के किचन में जाकर देखा।
मीडिया से बात करते हुए राजद विधायक मुकेश रोशन ने चाय की प्याली में कीड़े मिलने की घटना को नीतीश सरकार की साजिश करार दे दिया। उन्होंने कहा कि इसके पीछे प्रदेश सरकार की साजिश हो सकती है। राजद विधायक ने घटना की जांच की मांग कर दी। कहा कि विधायकों की जिंदगी के साथ नीतीश सरकार खिलवाड़ कर रही है। सरकारी गेस्ट हाउस का नीतीश सरकार ने निजीकरण किया है और उन लोगों को इसका संचालन करने को दिया है जो उनके करीबी हैं। विधायक की शिकायत पर पुलिस ने सर्किट हाउस के मैनेजर और वेटर को हिरासत में ले लिया है। मामले की जांच पुलिस कर रही है।

विधायक ने मामले पर ट्वीट करते हुए लिखा कि जब सर्किट हाउस कर्मियों को मूलभूत साफ सफाई और फ़ूड पॉइज़निंग की समझ नहीं और अपने दायित्वों के नाम पर खिलवाड़ कर सबके स्वास्थ्य को मज़ाक समझते हों, उनपर कार्रवाई होना ही चाहिए! यह राज्य में सर चढ़कर बोल रहे अफसरशाही का ही नतीजा है! राज्य की व्यवस्था में इसी तरह कीड़े लग गए हैं!












Click it and Unblock the Notifications