पूर्णियाः बंगाल से बिहार में घुसे शराब तस्करों ने दो होमगार्ड जवानों को कुचला
पूर्णिया। बिहार में शराब माफियाओं का अपराध बढ़ता ही जा रहा है। ताजा मामला बिहार के पूर्णिया जिले के बयासी थाना क्षेत्र के दालकोला चेक पोस्ट का है, जहां पर तैनात दो होमगार्ड के जवानों को शराब तस्करों ने बोलेरो से कुचल दिया। इस दौरान एक जवान की मौत हो गई जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक होमगार्ड की पहचान गणेश पासवान के रूप में हुई है। घायल होमगार्ड जवान की पहचान विद्यानंद कुमार के रूप में हुई है। घायल विद्यानंद को इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा गया है।

मौके पर मौजूद होमगार्ड जवानों ने बताया कि बंगाल की तरफ से एक बोलेरो में शराब लेकर तस्कर जा रहे थे। इसी दौरान गणेश पासवान और विद्यानंद कुमार ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो दोनों को कुचलते हुए भागने लगे। तभी बोलेरो गार्डर से टकरा गई और दुर्घटनाग्रस्त हो गई। शराब तस्कर मौके का फायदा उठाकर भाग गया लेकिन बोलेरो को पकड़ लिया गया। जांच के दौरान गाड़ी से 182 लीटर शराब बरामद की गई है।
होमगार्ड जवानों ने बताया कि दालकोला चेक पोस्ट पर उन लोगों की सुरक्षा के लिए कोई व्यवस्था नहीं है। इससे पूर्व भी कई बार शराब तस्करों ने कुचलने की कोशिश की गई है। होमगार्ड समादेष्टा महाराणा प्रताप सिंह ने कहा कि शराब लदे वाहन से कुचलकर गणेश पासवान की हत्या कर दी गई है।
आरोपित को गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मृतक गणेश पासवान दालकोला के पोस्ट पर तैनात थे। वह जानकीनगर के निवासी थे। वहीं होमगार्ड कार्यालय में शहीद होमगार्ड जवान गणेश पासवान को जवानों ने श्रद्धांजलि दी। सूचना मिलते ही जानकीनगर से उनके परिजन भी मौके पर पहुंच गए।












Click it and Unblock the Notifications