'लालू के लाल को छोड़ कोई भी यादव बना CM चेहरा, तो करूंगा सपोर्ट', तेज प्रताप की बेदखली पर PK का मास्टरस्ट्रोक
Prashant Kishor News: बिहार की राजनीति में लालू यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव की बेदखली ने नया सियासी मोड़ ले लिया है। तेज प्रताप को RJD से 6 साल के लिए निष्कासित करने और पारिवारिक रिश्तों से अलग करने के बाद अब विपक्षी खेमे में हलचल तेज हो गई है। इसी बीच जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर (PK) का एक बयान सबका ध्यान खींच रहा है।
PK ने वैशाली में कहा कि लालू यादव का बेटे को निकालना बिहार की जनता के लिए उतना अहम नहीं जितना ये सवाल कि वो सीएम पद के लिए यादव समाज से बाहर क्यों नहीं सोचते। उन्होंने कहा, 'अगर आज लालू यादव तेजस्वी को छोड़कर यादव जाति से किसी और को मुख्यमंत्री चेहरा घोषित करते हैं, तो जन सुराज उनका समर्थन करेगा।'

प्रशांत किशोर की 'जन सुराज' पार्टी विकास, सुशासन और जाति से परे राजनीति की बात करती है, जबकि आरजेडी का कोर वोट बैंक मुस्लिम-यादव (M-Y) समीकरण रहा है। अगर ये दोनों ताकतें एक साथ आती हैं, तो एक ओर जहां 'जन सुराज' का शहरी और युवा वोट बैंक मिलेगा, वहीं आरजेडी का ग्रामीण और पारंपरिक समर्थन भी साथ होगा। इस गठबंधन से बीजेपी-जेडीयू गठबंधन को सीधी चुनौती मिल सकती है।
विपक्ष पर सीधा असर
इस तरह के गठजोड़ से जेडीयू के अति पिछड़ा वोट बैंक पर असर पड़ सकता है। बीजेपी को भी मुस्लिम-यादव समीकरण के साथ शहरी वोट बैंक की संभावित सेंध से निपटने के लिए नई रणनीति बनानी होगी।
PK का BRDK फॉर्मूला क्या कहता है?
PK बिहार में 'BRDK फॉर्मूला' (ब्राह्मण, राजपूत, दलित, कुर्मी) वोट बैंक को एक साथ साधने की कोशिश में हैं। उनकी पार्टी ने 243 सीटों पर अकेले लड़ने का ऐलान किया है और उन्हें खुद मुख्यमंत्री पद का चेहरा बताया गया है। लेकिन, तेजस्वी यादव की जगह किसी और यादव को आगे करने पर समर्थन का बयान, एक सोची-समझी रणनीति लग रही है।
तेज प्रताप की निजी जिंदगी के विवाद ने अब एक बड़े राजनीतिक विमर्श को जन्म दे दिया है। PK के इस बयान से साफ है कि बिहार की राजनीति अब सिर्फ जाति नहीं, बल्कि नेतृत्व के विकल्पों और परिवारवाद की बहस पर केंद्रित हो रही है। यह देखना दिलचस्प होगा कि लालू यादव इस बयान पर क्या रुख अपनाते हैं और तेजस्वी यादव की अगुवाई पर जन सुराज की रणनीति क्या मोड़ लेती है।












Click it and Unblock the Notifications