Bihar Politics: बिहार की राजनीति में बिकते जनप्रतिनिधि? बीमा भारती और 10 करोड़ के ऑफर का राज़,जानिए पूरा मामला
Bihar Politics: बिहार की राजनीति एक बार फिर सौदेबाज़ी और सत्ता के लिए नीलामी की मंडी बन चुकी है। फरवरी 2024 में एनडीए सरकार के फ्लोर टेस्ट से ठीक पहले जो खेल पर्दे के पीछे चला, अब वह धीरे-धीरे सामने आ रहा है।
जदयू की पूर्व विधायक बीमा भारती अब आर्थिक अपराध इकाई (EoU) की जांच के घेरे में हैं। आरोप गंभीर हैं। विधायकों को खरीदने की साजिश, मंत्री पद का लालच और 10 करोड़ रुपये की पेशकश। इस मामले में राजद नेत्री बीमा भारती की मुश्किलें बढ़ती हुई नज़र आ रही हैं।

10 करोड़ और मंत्री पद का ऑफर
जदयू विधायक सुधांशु शेखर ने ईओयू के सामने दिए बयान में दावा किया है कि उन्हें राजद खेमे में शामिल करने के लिए नकद 10 करोड़ रुपये और मंत्री पद का प्रलोभन दिया गया। फ्लोर टेस्ट से ठीक पहले ये 'ऑफर' उन्हें तेजस्वी यादव को समर्थन देने की शर्त पर दिया गया था।
इस आरोप ने ना सिर्फ सत्ता की नैतिकता पर सवाल उठाए हैं, बल्कि यह भी बताया कि बिहार में 'वोट ऑफ कॉन्फिडेंस' अब सिर्फ बहुमत की गिनती नहीं, बल्कि 'कैश एंड पावर डील' का खेल बन चुका है।
बीमा भारती पर शक की सुई क्यों?
बीमा भारती फ्लोर टेस्ट के दिन रहस्यमय तरीके से गायब रहीं। उन्होंने दावा किया कि उनके पति बीमार हैं, लेकिन बाद में सामने आया कि उनके पति अवधेश मंडल आर्म्स एक्ट में गिरफ्तार हुए थे। सवाल उठता है, क्या यह सब पहले से तय स्क्रिप्ट का हिस्सा था?
ईओयू की नोटिस और बढ़ती जांच
फ्लोर टेस्ट में अनुपस्थित रहना, फिर कुछ दिनों बाद अचानक सामने आना और अब करोड़ों की डील में नाम आना। इस पूरे प्रकरण में उन्हें एक प्रमुख खिलाड़ी के तौर पर देखा जा रहा है। EoU ने बीमा भारती समेत चार लोगों, प्रमोद कुमार, संजय पटेल और सनी कुमार को नोटिस भेजा है। उनसे पूछताछ की तैयारी हो चुकी है। हालांकि तारीख़ अब तक सार्वजनिक नहीं हुई, लेकिन राजनीतिक गलियारों में खलबली मची हुई है।
जनमत के साथ धोखा!
इस पूरे मामले में लोगों का कहना है कि निष्पक्ष जांच होनी चाहिए, बिहार में राजनीति अब विचारधारा नहीं, "पावर प्ले" बन चुकी है। जहां विधायक जनता की उम्मीद नहीं, सत्ता का सौदा बन गए हैं। ईओयू की जांच आने वाले दिनों में और बड़े खुलासे ला सकती है। अगर यह साबित होता है कि विधायक तोड़े गए, सौदे हुए तो यह जनमत के साथ धोखा होगा।












Click it and Unblock the Notifications