Aaj Ka Mausam: दिल्ली-बिहार समेत 16 राज्यों में भारी बारिश की आशंका, राजस्थान में दिखेगा लू का प्रकोप
Aaj Ka Mausam: देश के कई राज्यों में गर्मी चरम पर है, हाला्ंकि बीते एक हफ्ते से कई जगहों पर बारिश होने से लोगों को फौरी राहत मिली हुई है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 14 मई यानी कि आज के लिए 16 राज्यों में आंधी-तूफान के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया है और कहा है कि बरसात के दौरान 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक चार दिनों में पूर्वोत्तर भारत, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, केरल, तमिलनाडु और कर्नाटक के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है।

दिल्ली में कैसा रहेगा मौसम?
दिल्ली-एनसीआर में मौसम की बात करें तो यहां परर 16 मई तक बारिश का अलर्ट जारी है। इन दिनों आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे, और गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। IMD ने राजधानी में 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से हवाएं चलने का अनुमान जताया है।
उत्तर प्रदेश में सताएगी गर्मी
उत्तर प्रदेश में अगले दो-तीन दिनों तक आसमान साफ रहेगा, हालांकि तापमान में वृद्धि के साथ उमस बढ़ सकती है। राजधानी लखनऊ और आसपास के जिलों के लिए अगले तीन दिनों तक बारिश का कोई अलर्ट नहीं है। वहीं, पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मेरठ, बुलंदशहर और शामली में हल्की बूंदाबांदी की संभावना है।
बिहार में हो सकती है हल्की बरसात
बिहार में 14 से 17 मई तक बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी रहने की उम्मीद है। 14, 15 और 17 मई को राज्य के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। 16 मई को कुछ इलाकों में 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
उत्तराखंड में गिर सकते हैं ओले
उत्तराखंड में 14 मई को तेज हवाएं चल सकती हैं, जिनकी गति 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। देहरादून, नैनीताल, मसूरी और पिथौरागढ़ में भी बादल छाए रहने और बारिश होने के आसार हैं। ऊंचाई वाले इलाकों में मौसम ठंडा बना रहेगा। चारधाम यात्रा मार्गों पर ओला गिरने की आशंका है।
हिमाचल प्रदेश में रहेगा मौसम खराब
हिमाचल प्रदेश में 15 और 16 मई को मौसम खराब रहने का अनुमान है। कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। शिमला, मनाली, धर्मशाला और कुल्लू में बादल छाए रहने के साथ बारिश के आसार हैं, जबकि मंडी और चंबा में तेज हवाओं के साथ मौसम बदल सकता है।
राजस्थान में भीषण गर्मी और लू का प्रकोप
राजस्थान में भीषण गर्मी और लू का प्रकोप देखा जा रहा है। पश्चिमी राजस्थान में 15 मई से 18 मई तक भीषण लू का अलर्ट है। जैसलमेर, बीकानेर और जोधपुर में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रहने की संभावना है। जयपुर, अजमेर और कोटा में गर्म हवाओं के साथ उमस बढ़ सकती है।














Click it and Unblock the Notifications