Bihar Police: 'क्या अब कानून सिर्फ पैसे वालों के लिए है?', एक बार फिर खाकी पर लगा दाग, कार्यशैली पर उठे सवाल
Bihar Police: बिहार के पटना जिले के मसौढ़ी थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाला वीडियो सामने आया है, जिसने पुलिस पर जनता के भरोसे को गहरा आघात पहुंचाया है। वायरल हो चुके इस वीडियो में डायल 112 की टीम एक युवक को सड़क पर बेरहमी से पीटती नजर आ रही है।
❝इंसाफ नहीं, सौदा हुआ है❞, पीड़ित परिवार की पुकार
वायरल वीडियो पुराना बताया जा रहा है, वहीं इस मामले में स्थानीय लोगों और पीड़ित परिवार का आरोप है कि पुलिस ने आरोपी पक्ष से पैसे लेकर यह कार्रवाई की थी, जो कानून और इंसानियत दोनों के खिलाफ है। पीड़ित युवक के परिवार का कहना है कि उनका बेटा निर्दोष था और निजी विवाद को सुलझाने की बजाय पुलिस ने पैसों के बदले उसे ही अपना निशाना बना लिया।

जनता का गुस्सा फूटा, डायल 112 की भूमिका पर सवाल
वीडियो में दिख रही क्रूरता ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। लोगों का कहना है कि अगर पुलिस ही दलाल बन जाए तो आम आदमी कहां जाएगा? घटना के बाद स्थानीय लोगों ने विरोध प्रदर्शन दर्ज किया।
लोगों का कहना है कि डायल 112, जो कि तत्काल मदद के लिए बनाई गई थी, अब भय और भ्रष्टाचार की पहचान बनती जा रही है। लोग पूछ रहे हैं, "क्या अब कानून सिर्फ पैसे वालों के लिए है?"
प्रशासन मौन, भरोसा टूटता जा रहा है
वायरल वीडियो पर प्रशासन की ओर से कोई ठोस बयान सामने नहीं आया है। इससे लोगों के भीतर आक्रोश और अविश्वास दोनों बढ़ता जा रहा है। कई सामाजिक कार्यकर्ताओं ने इस मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है और दोषी पुलिसकर्मियों को तत्काल निलंबित कर न्यायिक जांच के दायरे में लाने की बात कही है। वही यह भी मांग की है कि अगर वीडियो पुराना है तो भी कोई ऐसा कानून बनाया जाये, जिससे खाकी के दामन पर दाग नहीं लगे।
क्या हम ऐसे समाज में जी रहे हैं जहां न्याय बिकता है?
यह घटना सिर्फ एक युवक की पिटाई नहीं है, यह उस सिस्टम की नाकामी का आईना है जिसे जनता की सुरक्षा की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। अब सवाल यह है - क्या सरकार और पुलिस महकमा ऐसे मामलों में सिर्फ "जांच के आदेश" देकर अपनी जिम्मेदारी पूरी समझ लेगा, या इस बार वाकई कोई सख्त कार्रवाई होगी?












Click it and Unblock the Notifications